नाबालिग लड़की को IVF सेंटर में ले जाकर निकलवा दिया अंडाणु, 5 हिरासत में; हो सकता है बड़ा खुलासा
आईवीएफ सेंटर की महिला एजेंट के साथ मिलकर आरोपियों ने लड़की को रुपये का प्रलोभन देकर उसका फर्जी आधार कार्ड और विवाहिता होने का कूटरचित हलफनामा दिया और गैरकानूनी ढंग से अंडाणु निकलवा दिया। पुलिस ने लड़की की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया है।

यूपी के प्रयागराज के फाफामऊ इलाके की 15 वर्षीय लड़की का आईवीएफ सेंटर में अंडाणु निकालने (ओवा एक्सट्रैक्शन) की पुष्टि हो गई है। सेंटर की महिला एजेंट के साथ मिलकर आरोपियों ने लड़की को रुपये का प्रलोभन देकर उसका फर्जी आधार कार्ड और विवाहिता होने का कूटरचित हलफनामा देकर सेंटर में गैरकानूनी ढंग से अंडाणु निकालने की प्रक्रिया कराई गई। पुलिस ने लड़की की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस को कई अन्य लड़कियों का भी अंडाणु निकाले जाने की जानकारी मिली है। जांच में बड़े खुलासे की आशंका है।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि लड़की के बयान और उसकी मां की तहरीर के आधार पर फाफामऊ की रिंकी और करेली में रहने वाली उसकी विवाहित बेटी करेली की पलक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो गिरोह की कहानी सामने आई। पलक के साथ पीड़िता वेटरेस का काम करती थी। इसी दौरान पलक और उसकी मां रिंकी ने पीड़िता को मोबाइल खरीदने की इच्छा पूरी करने के लिए पैसे कमाने का प्रलोभन दिया।
इसके बाद गिरोह में शामिल कूपर रोड की सीमा भारतीया और उसके बेटे हिमांशु भारतीया के जरिए आईवीएफ सेंटर की पंजीकृत महिला एजेंट कल्पना भारतीया निवासी शाहगंज से संपर्क किया। इन सभी ने मिलकर नाबालिग लड़की का गैरकानूनी ढंग से आईवीएफ सेंटर पर अंडाणु निकलवाए और इसके एवज में नाबालिग लड़की को दस हजार रुपये दिए गए। महिला एजेंट कल्पना भारतीया की सीमा रिश्ते में मौसी लगती है। फाफामऊ पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कई का कर चुके हैं सौदा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के कई अन्य लड़कियों के गैरकानूनी ढंग से अंडाणु निकाले जाने का इनपुट मिला है। पुलिस ने आईवीएफ सेंटर से अब तक कराए गए ऐसे सौदों की लिस्ट मांगी है। खासकर महिला एजेंट कल्पना की लाई गई महिलाओं या लड़कियों के मामलों की गहनता से पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ जारी है। गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे और किस-किस का अंडाणु निकाला गया है, इसकी जानकारी ली जा रही है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें


