राजस्व अफसरों की गैरहाजिरी पर भड़के मंत्री राकेश सचान, DM को फोन कर बोले- मजाक बना रखा हैहै

संवाददाता, कानपुर
Follow us on Google News
share

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ग्रामीण चौपाल में राजस्व अफसरों के न पहुंचने पर बिफर गए। उन्होंने चौपाल से ही फोन लगाकर डीएम की क्लास लगा दी। उन्होंने कहा कि आपने पंचायतों को मजाक बना रखा है। एसडीएम को मौके पर रहना चाहिए था।

UP News: यूपी के कानपुर देहात में रविवार रात ग्रामीण चौपाल में राजस्व अफसरों के न पहुंचने पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान बिफर गए। उन्होंने चौपाल से ही डीएम कपिल सिंह को फोन लगवाया और कहा कि आपने पंचायतों को मजाक बना रखा है। जब कैबिनेट मंत्री को आना था तो एसडीएम को मौके पर रहना चाहिए था। इस बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट रह रहे हैं।

ये मामला सरवनखेड़ा ब्लॉक के कठेठी गांव का है। जहां मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कठेठी गांव में रविवार को रात्रि चौपाल का कार्यक्रम था। चौपाल के दौरान राजस्व विभाग के किसी अधिकारी के न होने पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान नाराज हो गए। उन्होंने मौके से ही डीएम कपिल सिंह को फोन लगवा आगे से ऐसा न होने की बात कही। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक मिनट 50 सेकंड के इस वीडियो में मंत्री सचान फोन पर डीएम से कहते हैं, 'पंचायतों को आपने मजाक बना रखा है। सरवनखेड़ा ब्लॉक के कठेठी गांव में पंचायत चल रही है। राजस्व विभाग का यहां कोई भी अधिकारी नहीं है। सिर्फ कानूनगो है। जब कैबिनेट मंत्री को आना था तो एसडीएम को रहना चाहिए। क्यों नहीं आए। तहसीलदार भी नहीं है। सरकार का निर्देश हैं, जीओ जारी है।'

कैबिनेट मंत्री ने आगे फोन में कहा, 'यहां कोई काम नहीं हो रहा है सिर्फ फार्मेल्टी हो रही है। यहां जो शिकायतें आ रही हैं। इन्हें कौन नोट करेगा। यहां लोगों से पैसा ले रखा है और काम नहीं हो रहे हैं। कई शिकायतें आई हैं। हम आपके कानूनगो को नोट करा दे रहे हैं। एसडीएम होतीं तो तत्काल निस्तारण कर जवाब देतीं। इन शिकायतों का निस्तारण होना चाहिए। भविष्य में इस बात का ध्यान रखा जाए कि सारे अधिकारी रहें। डीसी मनरेगा ने सूचना दी है। आप एसडीएम से पूछिए कि क्यों नहीं रहीं। उनसे जवाब तलब कर बताइए।'

अभिजीत सिंह सांगा ने फूड इंस्पेक्टर की लगाई क्लास

इससे पहले बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने भीतरगांव क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर नरेन्द्र शर्मा को फोन कर खूब सुनाया। दरअसल, क्षेत्र में पहुंचे विधायक से दुकानदारों ने उगाही की शिकायत की थी। इस पर एमएलए ने फोन कर कहा,' तुम लोग तो बिल्कुल सरकार की ऐसी-तैसी करने में लगे हो, लूटे हो क्षेत्र को। विजिलेंस जांच करा दूंगा, जितना कमाए हो एक बार में घुस जाएगा।'

दरअसल, शनिवार को विधायक सांगा भीतरगांव क्षेत्र में सड़कों के शिलान्यास के कार्यक्रम के बाद लोगों से मुलाकात की। इस दौरान दुकानदारों ने विधायक को बताया कि फूड इंस्पेक्टर मनोज द्विवेदी नाम के व्यक्ति से हर महीने उगाही कराता है। दुकानदारों की यह शिकायत सुनकर विधायक भड़क गए और फोन कर फूड इंस्पेक्टर को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। विधायक ने कहा, 'सुधार ले आना नहीं तो बैठ नहीं पाओगे कानपुर ऑफिस के अंदर। लिखित शिकायत मुख्यमंत्री से करूंगा, जो बोए हो उसे समेटना। फूड इंस्पेक्टर ने अपनी सफाई में आरोपों को गलत बताया लेकिन सांगा ने कहा कि पूरा गांव झूठ नहीं बोलेगा। अगर दोबारा क्षेत्र में या फिर कहीं भी शिकायत मिली तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा, समझ लेना।'

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।