सपा कार्यकर्ता दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे...मऊ में मंत्री एके शर्मा के सामने क्यों भड़क गए राजीव राय? दी खुली चेतावनी

लाइव हिन्दुस्तान, मऊ
Follow us on Google News
share

मऊ जंक्शन पर रेलवे की नई ट्रेन सेवाओं के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री एके शर्मा की एक टिप्पणी पर सपा सांसद राजीव राय नाराज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में हिस्ट्रीशीटर और अपराधी मौजूद थे। सपा कार्यकर्ता उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे।

rajiv rai mau

UP News: यूपी के मऊ जिले में रेलवे के एक उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार में मंत्री एके शर्मा की एक टिप्पणी से माहौल गरमा गया। इस पर सपा सांसद राजीव राय नाराज हो गए और कार्यक्रम से उठकर जाने लगे। हालांकि रेलवे अधिकारियों के मान-मनौव्वल के बाद वह दोबारा आए। राजीव राय ने आरोप लगाया कि मंत्री के कार्यक्रम में हिस्ट्रीशीटर और अपराधी मौजूद थे। अपराधी किस्म के लोगों ने कार्यक्रम को हाईजैक कर लिया था। इसी दौरान उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ऐसे लोग उनके कार्यकर्ताओं को उकसाएंगे या गुंडागर्दी दिखाएंगे, तो सपा कार्यकर्ता उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मऊ को साप्ताहिक मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस और छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस की सौगात दी। रेल मंत्री ने छपरा से जबकि कैबिनेट मंत्री एके शर्मा और घोसी सांसद राजीव राय ने मऊ जंक्शन से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और मेमू सेवा के विस्तार के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों नेता एक ही मंच पर मौजूद थे। शुरुआत में माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का स्वागत करते हुए हाथ भी मिलाया। हालांकि मंत्री एके शर्मा के संबोधन के दौरान की गई एक टिप्पणी के बाद कार्यक्रम का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और मंच पर सियासी तकरार देखने को मिली। राजीव राय नाराज होकर जब कार्यक्रम से जाने लगे तो रेलवे अधिकारियों ने मान-मनौव्वल कर उन्हें दोबारा लेकर आए।

सपा कार्यकर्ता दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे, राजीव राय ने निकाली भड़ास

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए सपा सांसद ने अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, 'मुझे बोलने से कोई नहीं रोक सकता। यह मेरी शालीनता थी कि मंत्री जी कार्यक्रम में आए थे, इसलिए मैं अपने संस्कारों के अनुसार रुका रहा। वरना इन अपराधियों को अगर छोड़ दिया जाए, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे। मेरे पास इस बात के सबूत हैं कि पुलिस कप्तान और जिलाधिकारी ने भी भरोसा दिया था। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने सुबह मुझे फोन कर आश्वासन दिया था कि व्यवस्था ऐसी रहेगी कि किसी बाहरी व्यक्ति को कार्यक्रम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। लेकिन स्थानीय पुलिस अपराधियों के साथ मिलकर काम कर रही है और उन्हें संरक्षण दे रही है। इसका जवाब मांगा जाएगा और मैं इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाऊंगा।'

राजीव राय ने आगे कहा, 'मैं जमीन पर कब्जा कर रहा हूं। कब्जा करके तो वे खुद बैठे हैं, सारे कब्जेदार वहीं हैं। यह मानसिकता की पराकाष्ठा है। एक सांसद उनका सम्मान कर रहा है और वह अपने लोगों का परिचय दे रहे हैं। मैं लगातार कोशिश करता रहा कि मंत्री जी का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो जाए, लेकिन जिन लोगों के संगत रहते हैं और जिस तरह की भाषा बोलते हैं, उसका जवाब उन्हें सुनना पड़ेगा। आज के बाद उन्हें यह सब सुनना पड़ेगा। कार्यक्रम में महिलाओं का भी अपमान हुआ है। मंत्री जी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। उत्तर प्रदेश से आईं इन बहनों और बेटियों का कितना अपमान हुआ है, उनसे पूछिए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।'

एके शर्मा ने दी सफाई

वहीं, इसे लेकर एके शर्मा ने अपनी सफाई में कहा, 'जो लोग चिल्ला और नारे लगा रहे थे उन्हें भाई के रूप में सलाह दिया कि आप अपनी ऊर्जा को बचाए रखें, ये ऊर्जा तब काम आएगी जब आपका प्लॉट कब्जा कर लेगा।'

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसपा कार्यकर्ता दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे; एके शर्मा के सामने भड़क गए राजीव राय