VIDEO: तेज रफ्तार कार की टक्कर से हवा में उछला अधेड़, सीसीटीवी में कैद मौत का मंजर
महराजगंज में एक शख्स को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। कार की ठोकर से यह शख्स काफी ऊंचाई तक उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके बचने की आस में लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

यूपी के महराजगंज से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां फरेंदा क्षेत्र के रुनुवा चौराहे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक शख्स को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। कार की ठोकर से यह शख्स काफी ऊंचाई तक उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके बचने की आस में लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फरेंदा क्षेत्र के रामनगर टोला जानकी नगर के रहने वाले 50 साल के रामनयन किसी काम से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से कार आती दिखी। रामनयन कार की रफ्तार देख हड़बड़ा गया और जब तक वह कुछ समझ पाता कि कार ने सीधे उसको ठोकर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामनयन उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेन्दा भिजवाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सीएचसी में पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद रामनयन को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। एक सीसीटीवी की फुटेज में वाहन की तस्वीर स्पष्ट होने की बात कही जा रही है और पूरी घटना कैद हुई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस फुटेज से पुलिस को क्लू मिल गया है।
घर में कोहराम, पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
सुरक्षा के इंतजाम की मांग कर रहे ग्रामीण
इधर, घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने रुनुवा चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

