
एचबीटीयू में चप्पल पहनकर पैरों से आलू धल रहा था मेसकर्मी, वीडियो वायरल होने पर भड़के छात्र
कानपुर स्थित एचबीटीयू के एक हॉस्टल में नाश्ता बनाने के दौरान एक कर्मचारी चप्पल पहनकर पैरों से आलू साफ कर रहा था। यह देख छात्र भड़क गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं, कुछ छात्रों ने इसका वीडियो वायरल कर दिया।
कानपुर स्थित एचबीटीयू के एक हॉस्टल में नाश्ता बनाने के दौरान एक कर्मचारी चप्पल पहनकर पैरों से आलू साफ कर रहा था। यह देख छात्र भड़क गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं, कुछ छात्रों ने इसका वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो देख अन्य छात्र भी विवि के प्रशासनिक भवन पहुंच डीएसडब्ल्यू का घेराव किया। छात्रों ने कैम्पस में पैदल मार्च किया। मामला बिगड़ता देख दोषी कर्मचारी को हटा दिया गया है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
एचबीटीयू के श्रीधराचार्य हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने बताया कि मंगलवार को मेस में नाश्ते के लिए पाव भाजी बननी थी। इसी दौरान मेस के कर्मचारी सब्जियों को धो रहे थे। इसमें से एक कर्मचारी जो चप्पल पहने था, वह पैरों से आलुओं को धो रहा था। यह देख कुछ छात्रों ने वीडियो बना लिया, जिसके बाद सभी छात्र भड़क गए। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में मेस के कर्मचारी शराब, सिगरेट पीने के साथ तंबाकू समेत अन्य मादक पदार्थ खाकर काम करते हैं।
छात्रों के मुताबिक कभी खाने में फिनायल की बदबू आती है तो कभी पन्नी निकलती है। दो समय नाश्ता और दो समय खाना मिलता है, जिसके लिए हॉस्टल और मेस मिलाकर 63 हजार रुपये फीस ली जाती है। लेकिन वैसी सुविधा नहीं मिलती है। जैसी मिलनी चाहिए।
हॉस्टल की हालत जर्जर; छात्रों का आरोप
छात्रों का कहना है कि हॉस्टल की हालत जर्जर है। बाथरूम में बीते नवंबर में नया गीजर लगा, पूरी सर्दी बीत गई, लेकिन अभी तक उसका बिजली कनेक्शन ही नहीं जोड़ा गया। हंगामे की सूचना मिलते डीएसडब्ल्यू प्रो. सीएल गहलोत पहुंचे। विवि के कुलपति प्रो. समशेर ने बताया कि वीडियो में पैरों से आलू धुलते दिख रहे कर्मचारी को हटा दिया गया है। छात्रों की भोजन और हॉस्टल से जुड़ी शिकायतों के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो जांच कर रिपोर्ट देगी।





