मेरी चुप्पी को ग़लत समझा गया, बसपा से निकाले जाने के बाद इमोशनल हुए आकाश, मायावती से मांगी माफी
बसपा से निकाले जाने के बाद आकाश आनंद ने पहली बार चुप्पी तोड़ी। मायावती के नाम लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखते हुए आकाश आनंद इमोशनल हो गए। आकाश आनंद ने इस दौरान एक बार फिर बुआ मायावती से माफी मांगी है। उन्होंने लिखा, मेरी चुप्पी को गलत समझा गया है।

Akash Anand: बसपा से निकाले जाने के बाद आकाश आनंद ने चुप्पी तोड़ दी। खुद पर और ससुर पर हुई कार्रवाई को लेकर आकाश आनंद ने मायावती के नाम पोस्ट लिखते हुए वह इमोशनल हो गए। सोशल मीडिया एक्स पर लिखी लंबी-चौड़ी पोस्ट में आकाश ने एक बार फिर मायावती से माफी मांगी है। उन्होंने लिखा, आप मेरी राजनैतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं, और मेरी बुआ माँ भी हैं। राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूँ।
पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की ख़बरें और अफ़वाहें चल रही हैं। मैं साफ़ कर देना चाहता हूँ: मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। न आज, न कभी। बीएसपी मेरे लिए सिर्फ़ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है। ससुर पर हुई कार्रवाई पर आकाश आनंद ने लिखा, अशोक सिद्धार्थ जी को पार्टी से निकालने और उनके संन्यास का आपका फ़ैसला पूरी तरह उचित है, और मैं उस फ़ैसले के साथ खड़ा हूँ। रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है।
मैंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था
आकाश आनंद ने लिखा, व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी ज़िम्मेदारी है। उस समय मैंने ख़ुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को ग़लत समझा गया, और अफ़वाहों को जगह मिली। अगर इससे आपको ठेस पहुँची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूँ। मैं सिर्फ़ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूँ। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है, और मैं उसे अपने आचरण और अपनी मेहनत से साबित करूँगा। बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता, और आपका नेतृत्व। यही मेरी राजनीति है।
एक महीने पहले बसपा से निकाले गए थे आकाश आनंद
एक महीने पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद पर तल्ख टिप्पणी करने के साथ ही उन्हें पद से हटा दिया था। मायावती ने कहा था कि आकाश को अभी और अधिक परिपक्व होने की जरुरत है। तब तक इनको पार्टी की अभी बड़ी जिम्मेवारी देना उचित नहीं होगा। अपने इस फैसले से मायावती ने आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी पदाधिकारियों को भी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से काम करने का कड़ा संदेश भी दिया था। मायावती ने अपने फैसले को विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद के हथकंडे अपना कर चुनाव में हानि पहुंचाने से बचने का रास्ता बताया था।

