चोरी का विरोध जताने पर युवक पर लाठी-डंडों से हमला, घायल
Meerut News - सरूरपुर के गांव रामपुर मोती में गन्ना चोरी का विरोध करना एक युवक के लिए महंगा साबित हुआ। जब विनीत ने आरोपियों से जवाब मांगा, तो उन पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। विनीत ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सरूरपुर। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव रामपुर मोती में गन्ना चोरी का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। खेत से गन्ना चोरी होने के बाद जब युवक आरोपियों से जवाब मांगने पहुंचा तो आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर दी जिसमें युवक घायल हो गया। इसे लेकर पीड़ित युवक ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित विनीत पुत्र हरेंद्र के अनुसार कुछ दिन पहले उसके खेत से गन्ना काटकर चोरी कर लिया गया था। काफी तलाश के बाद शनिवार को उसे जानकारी मिली कि गांव के ही कुछ लोगों ने गन्ना चोरी किया है।
इसके बाद वह अपने चाचा के साथ आरोपियों के घर पहुंचा और मामले की जानकारी लेने की कोशिश की। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिसमें विनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों से बचाया। घायल अवस्था में विनीत थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में जांच कर कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




