नौकरी के रुपये मांगने पर युवक को बंधक बनाकर पीटा, पेशाब पिलाने का आरोप
Meerut News - बहसूमा में एक युवक को नौकरी के बकाया रुपये मांगने पर अगवा कर बंधक बनाया गया और बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे पेशाब पिलाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बहसूमा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई। नौकरी के बकाया रुपये मांगने पर युवक को अगवा कर बंधक बनाया और बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे पेशाब पिलाया गया और धमकी दी गई। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदरपुर निवासी विपिन कुमार पुत्र मदन पाल सिंह ने बताया कि वह जमालपुर निवासी बॉबी पुत्र दिग्विजय सिंह तथा मोनी उर्फ तुषार के यहां लावड़ क्षेत्र में करीब तीन माह तक नौकरी करता था। 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर उसकी नौकरी तय हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में आरोपियों ने वेतन देने में टालमटोल शुरू कर दी। उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। विपिन के अनुसार लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर उसने नौकरी छोड़ दी और घर लौट आया。
घटना का विवरण
आरोप है कि नौकरी छोड़ते समय उसका सामान और कुछ दस्तावेज एक साथ रखे होने के कारण दूसरे पक्ष के तीन बैंक चेक भी उसके पास आ गए। पीड़ित का कहना है कि उसने कुछ दिन पहले उन चेक को बैंक में प्रस्तुत कर एक लाख रुपये की धनराशि प्राप्त कर ली थी। चेकों के कैश होने की जानकारी मिलते ही पिछले बुधवार को आरोपी भड़क उठे।
पीड़ित के साथ अत्याचार
पीड़ित का आरोप है कि बॉबी और मोनी अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और हंगामा किया। विरोध करने पर आरोपियों ने विपिन को जबरन घर से उठा लिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पूरी रात बंधक बनाए रखा। उसके साथ मारपीट की गई और आरोपियों ने पेशाब पिलाया।
पुलिस की कार्रवाई
आरोपी उसे गांव के बाहर फेंककर फरार हो गए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि उसके घर में लूटपाट भी की गई। घायल अवस्था में घर पहुंचे विपिन को परिजनों ने संभाला और बाद में पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन...
दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र कुमार, थाना प्रभारी
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


