
प्यार में परेशान था युवक, बंद कमरे में खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
Meerut News - भोला चौकी के पास एक युवक ने रविवार को एक खाली कमरे में खुद को कनपटी पर गोली मार ली। युवक का नाम गौरव है, जो गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भोला चौकी के पास रविवार को एक खाली कमरे में एक युवक ने खुद को कनपटी पर गोली मार ली। इससे वहां हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और परिजनों में अफरातफरी मच गई। युवक के सिर में गोली फंस गई। उसको गंभीर हालत में मेरठ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका ऑपरेशन किया जा रहा था। भोला गांव निवासी 22 वर्षीय गौरव पुत्र कृष्णपाल अपने परिवार के साथ रहता है। रविवार को वह घर से निकल गया था। इसके बाद वह भोला झाल चौकी के पास एक खाली कमरे में गया। अचानक गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस को भी सूचना दी गई जिसके बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि युवक लहूलुहान हालत में पड़ा है। पास में ही तमंचा पड़ा था। आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया है कि गोली गौरव के सिर में फंसी हुई है। अस्पताल में उसका ऑपरेशन चल रहा है।
उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्र ने बताया कि बंद कमरे में युवक गोली लगने से घायल मिला। उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ। प्रथम दृष्टतया पता चला है कि युवक ने खुद को ही गोली मारी है। चर्चा है कि गौरव ने प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड का प्रयास किया है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




