माता शीतला का पूजन कर बच्चों की लंबी उम्र की प्रार्थना की
होली का पर्व नजदीक आते ही लोगों पर रंग चढ़ने लगा है। रविवार को ऐसा ही नजारा बच्चा पार्क स्थित कंठी माता मंदिर के बाहर देखने को मिला। हर कोई गुलाल के...

मेरठ। होली का पर्व नजदीक आते ही लोगों पर रंग चढ़ने लगा है। रविवार को ऐसा ही नजारा बच्चा पार्क स्थित कंठी माता मंदिर के बाहर देखने को मिला। हर कोई गुलाल के रंगों में रंगा शीतला माता के जयकारे लगाते दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने पूजन कर बच्चों की लंबी उम्र की प्रार्थना की।
माता शीतला की पूजा करने के लिए तड़के से ही महिलाएं व्रत रखकर पकवान बनाने शुरू कर देती हैं। माता शीतला को पकवान का भोग लगाने के बाद ही महिलाएं व्रत खोलती हैं। रविवार को श्रद्धालु बच्चा पार्क स्थित शीतला माता मंदिर में पूजन के लिए पहुंचे। माता के दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाकर मंदिर के मुख्य द्वार का एक हिस्सा बंद कर दिया। श्रद्धालुओं की लाइन बच्चा पार्क तक पहुंच गई। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया। पुजारी दिनेश नोटियाल ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही ऐसी मान्यता है कि इस दिन के बाद बासी भोजन नहीं किया जाता है। पूजन के बाद महिलाओं ने बच्चों की लम्बी उम्र की प्रार्थना की।
