दहेज उत्पीड़न में पति समेत ससुराली नामजद
किठौर क्षेत्र की महिला फलक ने अपने पति, सास और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न और शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शादी के बाद से ससुराल वालों ने कार और पैसे की मांग की। गर्भवती होने के बावजूद फलक के साथ क्रूरता की गई और हाल ही में पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली।

किठौर क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति, सास और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, शारीरिक शोषण तथा पति की दूसरी शादी कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ललियाना गांव की रहने वाली फलक ने तहरीर में बताया कि लगभग दो साल पहले उसकी शादी आरिफपुर सरावनी के तालिब पुत्र सदाकत से हुई थी। शादी के तुरंत बाद ही ससुराल वालों ने कार और अतिरिक्त नकदी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर फलक को लगातार गालियां दी गईं, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
दिसंबर माह में पति ने उसे मायके छोड़ दिया। बाद में समझौते के बाद ससुराल वापस ले गए, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा। पीड़िता ने बताया कि आठ महीने की गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ क्रूरता की गई, जिसके बाद वह किसी तरह मायके भाग आई।फलक ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में उसे पता चला कि ससुराल वालों ने उसके पति की दूसरी शादी करा दी है। थाने के इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति तालिब, सास तमन्ना, नंद रेशमा, जेठ और देवर समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


