Meerut News: एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर... गाने पर हिस्ट्रीशीटर के भतीजे ने जेल पर बनाई रील
Meerut News: मेरठ में जेल और चौकी-थानों पर रील बनाना ट्रेंड बन गया है। एक जिलाबदर हिस्ट्रीशीटर के भतीजे ने जेल के पास 'एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर' गाने पर रील बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज को पुलिस ने फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।

Meerut News: मेरठ। जेल और चौकी-थानों पर रील बनाकर वायरल करना ट्रेंड बन गया है। तभी तो मेरठ जेल गेट के पास ही जिलाबदर हिस्ट्रीशीटर के भतीजे ने ‘एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर’ गाने पर रील बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। ये रील भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवक जेल पर पूर्व मंत्री और बसपा नेता याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा से मिलने के लिए पहुंचे थे। भूरा को पिस्टल से फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा ने तीन दिन पहले सराय बहलीम में फायरिंग कर दी थी। फिरोज अपने साथी अदनान और एक अन्य के साथ हिस्ट्रीशीटर असलम पहलवान के घर पर पहुंचा था। इसी घटना का वीडियो सामने आया था और पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद फिरोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।भूरा से मुलाकात करने के लिए एक दिन पहले ही शहजाद मेवाती अपने साथियों के साथ जिला कारागार पहुंचा था। शहजाद मेवाती का चाचा नदीम मेवाती हिस्ट्रीशीटर और जिलाबदर अपराधी है। शहजाद पर भी मुकदमे हैं और उसकी फिरोज भूरा से दोस्ती है। शहजाद ने जेल के गेट के पास ही ‘एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर’ गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जेल गेट के पास इस तरह से वीडियो बनाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


