मेरठ: दुग्धामृत संवाद कार्यक्रम में मारपीट, सहकारी समिति के प्रतिनिधि वेदप्रकाश गिरफ्तार
Meerut News - मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में 'डेयरी कॉन्क्लेव' के दौरान हिंसक झड़प हुई। गगोल दुग्ध संघ के प्रतिनिधियों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने वेदप्रकाश को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है।

मेरठ मंगलवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सहकारी समिति कैलीरामपुर के प्रतिनिधि वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा विवाद 'डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णम दुग्धामृत संवाद' कार्यक्रम के दौरान हुआ था।मंगलवार को विश्वविद्यालय के अटल सभागार में उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम और दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गगोल दुग्ध संघ के वर्तमान और पूर्व चेयरमैन पक्ष आपस में भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर जूते-चप्पल चले, कपड़े फट गए और खून तक बहा।
इस भगदड़ के कारण सभागार में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि गगोल दुग्ध संघ की चेयरमैन रजनी देवी के ससुर और दुग्ध संघ के प्रतिनिधि बलराज सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में उनके सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। चेयरमैन के देवर और परीक्षितगढ़ के दयालपुर निवासी प्रदीप कुमार ने मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रदीप कुमार के अनुसार, वे अपनी भाभी रजनी देवी और पिता बलराज सिंह के साथ कार्यक्रम में आमंत्रित थे। वहां पहले से मौजूद वेदप्रकाश उर्फ बेदी, नोबिल खारी, प्रदीप शर्मा ईकड़ी, आयुष कुमार, नितेश और हिरदेश समेत अन्य लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अब मेडिकल थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में कुल 5 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल बलराज सिंह का गुरुवार को एमआरआई कराया जाएगा, क्योंकि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


