ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठउप्र बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सचिव विनोद शर्मा का निधन

उप्र बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सचिव विनोद शर्मा का निधन

बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सचिव विनोद शर्मा का हृदयाघात के चलते बुधवार तड़के करीब चार बजे निधन हो गया। वह मेरठ में पांडव नगर के सी-ब्लॉक में रहते थे। फिलहाल शोभित विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। उनके...

उप्र बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सचिव विनोद शर्मा का निधन
हिन्दुस्तान टीम,मेरठThu, 23 Jul 2020 03:24 AM
ऐप पर पढ़ें

बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सचिव विनोद शर्मा का हृदयाघात के चलते बुधवार तड़के करीब चार बजे निधन हो गया। वह मेरठ में पांडव नगर के सी-ब्लॉक में रहते थे। फिलहाल शोभित विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं। सूरजकुंड श्मशान घाट पर बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

वहीं, उनके निधन की खबर से सगे-संबंधियों के अलावा खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। शोभित विश्वविद्यालय के कुलपति कुंवर विजेंद्र शेखर के अलावा इरशाद खान, परवेज अख्तर, हाफ़िज मासूम, मनीष पंवार आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

500 से ज्यादा जिम चलते थे देख-रेख में

बता दें कि विनोद शर्मा के प्रयासों से ही प्रदेश में बॉडी बिल्डिंग को एक नया मुकाम हासिल हुआ। उनकी देखरेख में प्रदेशभर में 500 से ज्यादा जिमों का संचालन होता था। उन्होंने कई स्टेट और नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन भी कराया था। विगत 15 वर्षों में प्रदेशभर में उन्होंने लगभग एक हजार से ज्यादा बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताएं कराई थीं। उनके करीबी बताते हैं कि उभरते खिलाड़ियों को वह पूरी मदद करते थे। प्रोत्साहन के साथ ही आर्थिक मदद भी पहुंचाते थे। शोभित विश्वविद्यालय में हर वर्ष बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन उनकी देखरेख में कराया जाता था।

जितेंद्र पंवार को सात बार बनाया चैंपियन

विनोद शर्मा के सानिध्य में सहारनपुर निवासी जितेंद्र पंवार लगातार सात बार मिस्टर इंडिया बने। कई अन्य बॉडी बिल्डरों ने भी उनके मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना झंडा लहराया।

खेल जगत ने जताया शोक

विनोद शर्मा के निधन की सूचना मिलते ही खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मैदानों में चल रहा खेल अभ्यास बंद कर दिया गया। करण पब्लिक स्कूल में खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन धारण किया। जिला खो-खो संघ और जिला एथलेटिक्स संघ ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।

पुत्री को सरकारी नौकरी देने की मांग

विनोद शर्मा के निधन के बाद शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे लोगों ने उनकी पुत्री को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अरशद मक्की ने कहा कि विनोद शर्मा ने प्रदेश में बॉडीबिल्डिंग को नए आयाम तक पहुंचाया है। आर्थिक मदद के रूप में प्रदेश सरकार को विनोद शर्मा की बेटी को सरकारी नौकरी देनी चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें