भगवान हनुमान की गदा, छाता व शॉवर रूपी पिचकारी बनी पहली पसंद
Meerut News - सरूरपुर में होली के आगमन के साथ ही बाजारों में रंग-बिरंगे गुलाल और पिचकारियों की धूम मच गई है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है और नयी पिचकारियां बच्चों और युवाओं का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। पारंपरिक रंगों के साथ-साथ नई डिजाइन के उत्पादों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है।

सरूरपुर। होली के आगमन के साथ ही कस्बा करनावल, हर्रा व खिवाई समेत आसपास के बाजार रंग-बिरंगे गुलाल, पिचकारियों और नए-नए उत्पादों से सज उठे हैं। सुबह से देर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है। इस बार पारंपरिक रंगों की पिचकारियों के साथ नए रंगीन उत्पादों ने बाजार की रौनक को और बढ़ा दिया है। दुकानदारों के चेहरे पर भी अच्छी बिक्री की उम्मीद साफ झलक रही है। होली पर्व जैसे-जैसे करीब आ रहा है बाजारों में रौनक दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इस बार होली पर्व को लेकर बाजार में आई कुछ नए तरीके की पिचकारियों ने युवाओं व बच्चों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
इसमें भगवान हनुमान का गदा, धनुष, तलवार, त्रिशूल रूपी पिचकारियां खास आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। भगवान हनुमान की गदा रूपी पिचकारी बच्चों को अपनी ओर लुभा रही है जबकि छाता व शॉवर रूपी पिचकारी भी पहली पसंद है। कस्बा करनावल के दुकानदारों के मुताबिक दिल्ली, आगरा और अलीगढ़ जैसे शहरों से आई पिचकारियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। इसके अलावा गन और टॉप के आकार की पिचकारियां भी बच्चों को खूब लुभा रही हैं। हालांकि पारंपरिक गुलाल की थैलियां अभी भी बाजार में सजे हैं, जो बुजुर्गों व महिलाओं की पसंद बने हुए हैं। वहीं, सामान्य पिचकारियों की तुलना में ये कुछ महंगी जरूर हैं, लेकिन नई डिजाइन और अधिक क्षमता के कारण लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


