मूकबधिर खिलाड़ियों ने रालोद सुप्रीमो से दिल्ली में की मुलाकात
उत्तर प्रदेश के मूकबधिर खिलाड़ियों का प्रतिनिधिमंडल डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात कर सरकारी नौकरी, पुरस्कार राशि और खेल सुविधाओं की मांग की। जयंत चौधरी ने खिलाड़ियों को मदद का आश्वासन दिया और खेल नीति में सुधार का प्रयास करने का वादा किया।
उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के मूकबधिर खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचकर रालोद सुप्रीमो केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने सरकारी नौकरी, पुरस्कार राशि और खेल सुविधा आदि की मांग करते हुए पत्र सौंपा। रालोद सुप्रीमो ने खिलाड़ियों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। डॉ. दीपक तोमर ने बताया कि खिलाड़ियों में 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2025 में दो रजत पदक जीतने वाले यश अहलावत, अंकुर, गार्गी, ऋषभ चौधरी आदि शामिल रहे। खिलाड़ियों ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मांग पत्र सौंपते हुए उत्तर प्रदेश की खेल नीति में सुधार की मांग उठाते हुए कहा कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी मूकबधिर राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, पुरस्कार राशि और खेल सुविधाओं का लाभ दिया जाना चाहिए।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रोत्साहन नीति लागू करने की उत्तर प्रदेश में बड़ी जरूरत है। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर खेल नीति में आवश्यक सुधार कराने का प्रयास किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


