छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां सहेजेगा विश्वविद्यालय
चौ.चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस के विभागों से पढ़कर उच्च पदों पर पहुंचे छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को एकसूत्र में पिरोते हुए सहेजा जाएगा। विश्वविद्यालय ने इसके लिए सभी विभागों से बीते वर्षों में...
चौ.चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस के विभागों से पढ़कर उच्च पदों पर पहुंचे छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को एकसूत्र में पिरोते हुए सहेजा जाएगा। विश्वविद्यालय ने इसके लिए सभी विभागों से बीते वर्षों में खास उपलब्धि पा चुके छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करने का फैसला लिया है। फिलहाल विवि के पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है जिसे एक पटल पर अपनी बड़ी उपलब्धियों के तौर पर दर्शाया जा सके।
नेट, जेआरएफ, गेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विवि कैंपस के छात्र अनेक राज्यों की परीक्षाओं में हर साल बाजी मारते हैं। हाल में उच्च शिक्षा आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में भी विश्वविद्यालय के स्टूडेंट ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बुलंदियों पर पहुंचे छात्र-छात्राओं का रिकॉर्ड किसी भी विभाग के पास नहीं है। ऐसे में विश्वविद्यालय मेधावियों की उपलब्धियों को एकसूत्र में पिरोने की तैयारी कर रहा है। विवि प्रशासन के अनुसार इसके लिए सभी विभागों से पासआउट छात्र-छात्राओं की रिपोर्ट मांगी जा रही है। इसमें नेट, स्लेट, गेट, जेआरएफ, साइंटिस्ट, शिक्षक भर्ती परीक्षा सहित यूपी एवं अन्य राज्यों में हुए चयन की सूचना जुटाई जाएगी। विवि विभागों से विदेश या आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित छात्रों का रिकॉर्ड भी तैयार कर रहा है। विवि के अनुसार जल्द ही सभी विभागों को इसके लिए निर्देश दिए जाएंगे। दिसंबर में चौ.चरण सिंह की जयंती पर विवि अपने छात्र-छात्राओं की इन उपलब्धियों को सार्वजनिक करेगा। विवि के अनुसार कैंपस के छात्र-छात्राएं आज देश-विदेश के हर कोने में काम कर रहे हैं।