
एकता का संदेश लिए निकली तिरंगा यात्रा, नगर में उमड़ी भीड़
Meerut News - मवाना में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक के नेतृत्व में एकता तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हस्तिनापुर से शुरू होकर मवाना पहुंची, जिसमें युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। यात्रा ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प दोहराया।
मवाना। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक के नेतृत्व में हस्तिनापुर के राजकीय इंटर कॉलेज से एकता तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो दोपहर में मवाना पहुंची। राज्यमंत्री खुद बुलडोजर में बैठकर तिरंगा लहराते रहे। यात्रा में शामिल युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों और नागरिकों ने सरदार पटेल के आदर्शों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संकल्प दोहराया। हस्तिनापुर से शुक्रवार को निकली एकता तिरंगा यात्रा ढोल-नगाड़ों, देशभक्ति नारों और तिरंगों की लहरों के बीच हाईवे से गुजरती हुई आगे बढ़ी। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में सड़कों पर खड़े होकर हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा को समर्थन देते रहे।

यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष शिव कुमार राणा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। गंगनहर पुल पर पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक, सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन विनोद भाटी, ब्लॉक प्रमुख हस्तिनापुर नितिन पोसवाल, किला परीक्षितगढ़ के ब्लॉक प्रमुख ब्रहम सिंह, केपी खूंटी, भाजपा के सुभाष दीक्षित, राजेन्द्र चौहान समेत अनेक लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के नगर में प्रवेश करते ही चारों ओर उत्साह, देशभक्ति और एकता का अद्भुत संगम दिखाई दिया। पक्का तालाब स्थित झंडा चौक पर सभासद ओमपाल गुर्जर, नासरपुर ग्राम प्रधान कपिल गुर्जर, सभासद मुकेश रानी सहित कई लोगों ने राज्यमंत्री दिनेश खटीक और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, राष्ट्रभक्ति गीतों और तिरंगों की लहराती छटा ने वातावरण को पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




