अवैध हिरासत प्रकरण में दरोगा और दो अज्ञात पर मुकदमा
संक्षेप: Meerut News - भावनपुर थाने में लूट की शिकायत करने वाले ट्रांसपोर्टर पुष्पेंद्र को रातभर हिरासत में रखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिसके कारण पुष्पेंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। एसएसपी...

भावनपुर थाने में लूट की शिकायत करने वाले ट्रांसपोर्टर को रातभर हिरासत में रखने के मामले में एक अज्ञात दरोगा और दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, ट्रांसपोर्टर फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और हालत गंभीर बनी हुई है। बुधवार को भी ट्रांसपोर्टर के बयान दर्ज नहीं हो सके। इस मामले में फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने थाने के सीसीटीवी कैमरों और बाकी साक्ष्य की जांच की है। जिन लोगों की बाइक का नंबर पुष्पेंद्र ने थाने में घटना के संबंध में नोट कराया था, उनमें से एक युवक को भी उठाया गया है। घटना के दौरान की एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें पुष्पेंद्र का बाइक सवार युवकों से विवाद हो रहा है।
भावनपुर क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार ट्रांसपोर्ट हैं। सोमवार रात पुष्पेंद्र अपनी कार से घर जा रहे थे। गांव के पास ही रास्ते में बाइक सवार दो युवकों की एक अन्य युवक से हाथापाई हो रही थी। पुष्पेंद्र के साथ भी आरोपी युवकों ने मारपीट कर 19 हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुष्पेंद्र ने पुलिस कंट्रोल रूम पर लूट की सूचना दी थी। भावनपुर थाना पुलिस और यूपी 112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। मुकदमा दर्ज कराने के बहाने से पुष्पेंद्र को पुलिस थाने ले आई। आरोप है कि भावनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की जगह पुष्पेंद्र को रातभर हिरासत में रखा और मेडिकल कराया। उनकी तहरीर पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी बात से आहत पुष्पेंद्र ने मंगलवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया था। मामले में देर रात एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कार्रवाई करते हुए भावनपुर एसओ योगेंद्र कुमार को सस्पेंड किया था। फिलहाल इस मामले में पुष्पेंद्र के भाई विकल की तहरीर पर एक दरोगा और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बाइक सवार एक युवक हर्ष को भी हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। थाने की सीसीटीवी की जांच थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच अधिकारियों ने कराई है। इसके अलावा यूपी 112 पर जिस समय इवेंट नोट किया गया और पूरे घटनाक्रम का विवरण लिया गया है। कौन दरोगा पुष्पेंद्र को थाने लेकर आया और इसके बाद क्या-क्या हुआ, इसकी छानबीन की जा रही है। इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट बनाकर एसएसपी मेरठ को दी जाएगी। -------------------------------- दो डॉक्टर पैनल में बढ़ाए गए पुष्पेंद्र नागर के उपचार डॉ. राजकुमार अग्रवाल कर रहे हैं। मंगलवार रात और बुधवार को दो अन्य डॉक्टर भी पैनल में शामिल किए गए और उन्होंने भी पुष्पेंद्र की जांच की है। फिलहाल पुष्पेंद्र की हालत में बुधवार शाम को सुधार बताया गया। हालांकि उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। संभव है कि गुरुवार या शुक्रवार को पुलिस अधिकारी पुष्पेंद्र से बयान लें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




