
बेहट में तीन सड़क हादसे, एक की मौत, चार घायल
Meerut News - बेहट में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए। पहला हादसा दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हुआ, जहां एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। दूसरा हादसा भी हाईवे पर हुआ, और तीसरा हादसा ट्रैक्टर के पलटने से हुआ। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
बेहट, संवाददाता। तीन अलग अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां से एक को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पहला हादसा रविवार शाम करीब 8 बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर स्थित गांगरोह नदी के पुल के पास हुआ। कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव साढौली कदीम निवासी ओमप्रकाश का 23 वर्षीय बेटा विपिन कस्बे में टाइल पत्थर घिसाई का काम कर गांव लौट रहा था। हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे लेकर सीएचसी बेहट पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा हादसा भी हाईवे स्थित गांव मीरगढ़ के निकट हुआ है। गांव गंदेवड निवासी मुरली बाइक से घर जा रहा था। हाईवे पर उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी बेहट भिजवाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीसरा हादसा गंदेवड़-चिलकाना मार्ग पर स्थित गांव साढौली कदीम के निकट बालाजी धाम के पास हुआ है। हरियाणा के जयद्री निवासी नौशाद दो साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में भूसा लेकर बेहट की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




