दुबई से विवेक का शव भारत लाने की कवायद में जुटे परिजन, सरकार से लगाई गुहार
Meerut News - सरधना थाना क्षेत्र के गांव रार्धना निवासी युवक विवेक की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन शव भारत लाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं। विवेक का परिवार उसका एकमात्र सहारा था, और उसकी मौत ने परिवार में कोहराम मचा दिया है। गांव में शोक का माहौल है।

सरधना थाना क्षेत्र के गांव रार्धना निवासी युवक विवेक की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक का शव भारत लाने के लिए परिजन लगातार प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। वहीं गांव में शोक का माहौल है। विवेक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। बता दें कि रार्धना निवासी विवेक करीब छह माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में दुबई गया था। वहां वह शारजाह में एक कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े कार्य में लग गया था। परिजनों के अनुसार मंगलवार को अचानक उन्हें फोन पर विवेक की मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां व अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विवेक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, जोकि दुबई से पैसे भेजकर परिजनों का पालन पोषण कर रहा था। उसकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया।परिजनों ने विवेक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि उन्हें अभी तक मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। साथ ही उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द शव को भारत लाने की व्यवस्था कराने की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार गांव में किया जा सके। गांव के लोगों और रिश्तेदारों का लगातार विवेक के घर पहुंचना जारी है। हर कोई पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगा है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग सरकार से परिवार की हर संभव मदद करने की मांग कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


