ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

हिन्दुस्तान, मेरठ
Follow us on Google News
share

ब्रह्मपुरी के माधवपुरम में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक सादिक और महिला शाहना को रौंद दिया। सादिक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शाहना गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी चालक फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने शाम तक उसे गिरफ्तार कर लिया।

ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

ब्रह्मपुरी के माधवपुरम में सोमवार सुबह हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक और महिला को रौंद डाला। ट्रैक्टर का पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। लोहियानगर के जाकिर कॉलोनी निवासी सादिक पेंट के ब्रुश बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री तारापुरी निवासी शाहना पत्नी रिजवान की है और सादिक का काम देहात से पेमेंट उठाने का है। सादिक और शाहना परतापुर के देहात क्षेत्र में पेमेंट उठाने के लिए ही गए थे। करीब 9.30 बजे दोनों बाइक पर माधवपुरम से होते हुए वापस तारापुरी जा रहे थे।

हादसे का विवरण

माधवपुरम में शालू बेकरी के पास ही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सादिक की बाइक को टक्कर मार दी। सादिक और शाहना दोनों ही सड़क पर जा गिरे। सादिक के ऊपर से ट्रैक्टर का आगे वाला पहिया उतर गया और इस दौरान आरोपी चालक ने उसे सड़क पर करीब 20 मीटर घसीट दिया। सादिक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान शाहना भी गंभीर घायल हो गई। इस दौरान आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर फरार हो गया। वहीं, दूसरी ओर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल शाहना को अस्पताल भिजवाया गया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया।

पुलिस की कार्रवाई

दूसरी ओर, मृतक की पहचान के बाद उसके भाई आदिल को सूचना देकर बुलाया गया। आदिल की तहरीर पर ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपी चालक को भी शाम तक गिरफ्तार कर लिया गया और ट्रैक्टर ट्रॉली को बरामद कर लिया गया।

वर्जन

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई थी। हादसे में सादिक नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी महिला शाहना भी घायल है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है और कार्रवाई की जा रही है।

राजेश कांबोज, ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

यह दुर्घटना कब हुई?
यह दुर्घटना सोमवार सुबह हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।