भारी वाहनों से लगता है जाम, परेशानी झेलते हैं लोग
Meerut News - मवाना नगर में भारी वाहनों के अत्यधिक आवागमन के कारण लोग भीषण जाम से परेशान हैं। शनिवार को व्यापारियों ने थाना दिवस पर ज्ञापन दिया, जिसमें 10 बजे से 5 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। संगठनों ने यातायात पुलिस की तैनाती की भी अपील की है।

मवाना। नगर में भारी वाहनों की आवाजाही के चलते कई वर्षों से आम लोग भीषण जाम की परेशानी झेल रहे हैं। इस मामले में शनिवार को आयोजित थाना दिवस पर नगर के कई व्यापारी संगठनों ने ज्ञापन दिया। ज्ञापन में जाम से निजात दिलाने की मांग की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल की ओर से थाना दिवस पर इंस्पेक्टर क्राइम जितेन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। कहा कि मवाना नगर में प्रतिदिन भारी वाहन ट्रक, ट्रॉला, डंपर, कंटेनर आदि का अत्यधिक आवागमन होने से यातायात व्यवस्था अत्यंत प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे के मध्य नगर के मुख्य बाजार, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बैंकों, अस्पतालों एवं आवासीय क्षेत्रों में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
बाहरी जनपदों/राज्यों के भारी वाहन टोल टैक्स बचाने के उद्देश्य से नगर मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे शासन के राजस्व पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। हाईवे जाम के चलते एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं स्कूली बसों जैसी आवश्यक सेवाएं बाधित होती रहती है। उन्होंने मांग की उठाई कि नगर की सीमा में प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। नगर सीमा पर स्पष्ट नो एंट्री संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, भारी वाहनों को बाईपास/निर्धारित बाहरी मार्ग से अनिवार्य रूप से डायवर्ट किया जाए, नियमित पुलिस चेकिंग एवं उल्लंघन पर प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। थाना दिवस पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह, संरक्षक शैवाल दुबलिश, कोषाध्यक्ष गौरव रस्तोगी, संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के महामंत्री नदीम, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष मांगेराम मित्तल, महामंत्री अंकित जैन, सर्वण सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राजवंशी, उपाध्यक्ष सिद्धार्थ गोयल, जिला महामंत्री रिहान, अनुराग जैन, इंद्रजीत जैन आदि रहे। कई संगठनों ने किया समर्थन नगर को जाम से मुक्त करने और यातायात पुलिस की तैनाती करने को दिए ज्ञापन पर आर्य समाज मवाना, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, हरिश्चंद्र वंशीय सभा मवाना, भारत विकास परिषद मवाना विराट, लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज मवाना, मवाना बार एसोसिएशन एवं जैन समाज मवाना सहित सभी संगठनों ने यह मांग जोरो-शोरों से उठाई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



