
मेरठ के दौराला से तीन किशोरियां लापता, तलाश में जुटी पुलिस
Meerut News - मेरठ के दौलतराम कॉलोनी से शुक्रवार को तीन किशोरियां लापता हो गईं। परिजनों ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तीन टीमें गठित की हैं। माना जा रहा है...
मेरठ/दौराला। दौराला की दौलतराम कॉलोनी से दो परिवारों की तीन किशोरियां शुक्रवार को एक साथ लापता हो गईं। परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन पता नहीं लग सका। घटना की जानकारी पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीओ दौराला ने पुलिस को निर्देश दिए। थाना पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर किशोरियों की तलाश में जुटी है। करनावल निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह परिवार के साथ दौलतराम कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। इसी मकान के एक हिस्से में बिहार निवासी परिवार भी रहता है। शुक्रवार दोपहर घर के बाहर खेलने को लेकर मां ने 17 वर्षीय किशोरी को डांट दिया था।

इससे क्षुब्ध होकर किशोरी घर से निकल गई। कुछ देर बाद घर पहुंची किशोरी की छोटी बहन ने बताया कि किराएदार की 13 वर्षीय बेटी और उनकी 11 साल की बेटी भी कहीं चली गई हैं। देर शाम तक परिजन उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका पता नहीं लगा। थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जिसमें किशोरी अपने साथ दोनों किशोरियों को दौराला रेलवे स्टेशन के पास ले जाते हुए दिखाई दी। इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि तीनों किशोरियों की तलाश की जा रही है। एसएसपी ने गठित की तीन टीमें एसएसपी डा. विपिन ताडा ने जानकारी के बाद तत्काल तीन टीमों का गठन किया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि किशोरी ट्रेन में बैठकर दिल्ली की ओर गई हैं। एक पुलिस टीम को दिल्ली और एक टीम को मुजफ्फरनगर की ओर भेजा गया है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया अपहरण का मामला नहीं है। जल्द तीनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


