Meerut News: परतापुर में तेज रफ्तार का कहर, तीन सड़क हादसों में कई लोग घायल
Meerut News: मेरठ के परतापुर क्षेत्र में शनिवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। डूंगरावली कट पर कैंटर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार दो युवक गंभीर घायल हुए और सड़क पर फैली रोड़ी से बाइक सवार भी गिर पड़े। भूड़बराल रजवाहे के पास कार ने बाइक को टक्कर मारी, जबकि परतापुर इंटरचेंज के तीव्र मोड़ पर बाइक रेलिंग से टकराई और पीछे से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस जांच कर रही है।

Meerut News: मेरठ। परतापुर क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। इससे वहां अफरातफरी का माहौल छा गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। पहला हादसा दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित डूंगरावली कट के सामने हुआ। कुंडा निवासी रॉबिन पुत्र लीलू अपने साथी गौरव के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में रोड़ी भरकर धर्मकांटे से वापस लौट रहा था। दिल्ली से देहरादून की ओर जा रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर ट्रैक्टर-ट्रॉली को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कैंटर का पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में रॉबिन और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर रॉबिन के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सड़क पर रोड़ी फैलने से कई बाइक सवार संतुलन खो बैठे और गिरकर घायल हो गए। हादसे के कारण बाईपास पर यातायात भी प्रभावित हुआ। दूसरा हादसा भूड़बराल रजवाहे के पास हुआ। मुरादनगर निवासी शुभम अपने साथी विकास के साथ शुक्रवार को हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गया था। शनिवार तड़के वापस लौटते समय भूड़बराल रजवाहे के पास दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक बाइक समेत रजवाहे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीसरा हादसा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर परतापुर इंटरचेंज के पास बने तीव्र मोड़ पर हुआ। करण और राहुल बाइक से गाजियाबाद की ओर से मेरठ आ रहे थे। परतापुर इंटरचेंज पर बने तीव्र मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण वे बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी बाइक एक्सप्रेसवे की साइड रेलिंग से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दोनों घायल हो गए। उधर, परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि घायल युवकों के परिजनों से संपर्क किया गया है। दोनों युवक अभी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

