ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठहजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सूर्य नमस्कार महायज्ञ में जिलेभर से पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने बहुत अनुशासित ढंग से सूर्य नमस्कार किया। स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप...

हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार
हिन्दुस्तान टीम,मेरठSat, 13 Jan 2018 02:19 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सूर्य नमस्कार महायज्ञ में जिलेभर से पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने बहुत अनुशासित ढंग से सूर्य नमस्कार किया।

स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाते हुए आज के भारत को दुनिया का नेता बताया। इसमें नरेंद्र(विवेकानंद) से लेकर नरेंद्र(मोदी) तक पर वक्ताओं ने विचार रखे। योग, अध्यात्म और भारतीय दर्शन की भी खूब बातें हुईं। शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई।

सूर्य नमस्कार की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. दर्शनलाल अरोड़ा, प्रदेश के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री चेतन चौहान, स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री सुरेश राणा और माध्यमिक शिक्षा के संयुक्त निदेशक दिव्यकांत शुक्ल ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की। इसके बाद छठी और इससे ऊपर की कक्षाओं के बच्चों ने विधिपूर्वक सूर्य नमस्कार किया।

भारत ने सबको बसाया, उजाड़ा नहीं: दर्शनलाल

सूर्य नमस्कार महायज्ञ में आरएसएस के क्षेत्र संघचालक डॉ. दर्शनलाल अरोड़ा ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो सम्मेलन का हवाला देते हुए बात आगे बढ़ाई। कहा कि दुनिया में जब-जब किसी समुदाय पर कोई परेशानी आई तब-तब भारत ने उन्हें अपने देश में बसाया। चाहे यहूदी हों या पारसी समुदाय। वसुधैव कुटुंबकम भारत का ध्येय रहा है।

नासा ने कहा कि सूरज के निकट जाने पर आती है ओउम की ध्वनि: सुरेश राणा

स्वतंत्र प्रभार के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सूर्य देवता शक्ति और ऊर्जा के स्रोत हैं। ऐसा स्रोत, जो कभी खत्म नहीं हो सकता। कहा कि सूर्य नमस्कार करने वाला कभी रोगी नहीं होता। सूर्य नमस्कार शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक जागरण सहज माध्यम है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सूर्य नमस्कार हमें पूरी तरह स्वस्थ रखता है। अमेरिका में तो 29 जनवरी को सूर्य नमस्कार दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि नासा ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि जैसे-जैसे सूरज के निकट जाते हैं वैसे-वैसे ओउम की ध्वनि सुनाई देती है।

ऐसा भव्य कार्यक्रम नहीं देखा: दिव्यकांत

माध्यमिक शिक्षा परिषद के संयुक्त सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने कहा कि उन्होंने जीवन में ऐसा अनुशासित और भव्य कार्यक्रम नहीं देखा। कहा कि विद्यार्थियों को हर काम एकाग्रचित होकर करना चाहिए। शुक्ला ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धा और स्फूर्ति का संत बताया। कहा कि खुद स्वच्छ और स्वस्थ रहें। इसके बाद दूसरों को भी प्रेरित करें।

अनुशासन के साथ स्वच्छता पर रहा फोकस

सूर्य नमस्कार महायज्ञ में मंच से अनुशासन और स्वच्छता पर बार-बार फोकस किया गया। मंच से संघ के पदाधिकारी विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और आनुषंगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को पंक्तियां बनाने और नाश्ते-पानी का कचरा कूड़ेदान में डालने को कह रहे थे। सूर्य नमस्कार के बाद राष्ट्रगान हुआ।

ये रहे मौजूद

सूर्य नमस्कार महायज्ञ में आयोजन समिति के संयोजक डॉ. शिवराज सिंह पुंडीर, सह संयोजक डॉ. मनोज अग्रवाल, सह संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं का आभार जताया। इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, आरएसएस के पदाधिकारियों में सूर्यप्रकाश टांक, धनीराम, फूल सिंह, विनोद कुमार अग्रवाल, आनंद प्रकाश अग्रवाल, मनमोहन गुप्ता, तपन कुमार आदि का योगदान रहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें