Hindi NewsUttar-pradesh NewsMeerut NewsSuspicious Suicide of Married Woman in Narangpur Sparks Investigation
नारंगपुर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, लगाया हत्या का आरोप

नारंगपुर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, लगाया हत्या का आरोप

संक्षेप: Meerut News - सरूरपुर के गांव नारंगपुर में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाहिता के भाई ने ससुराल पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।...

Thu, 23 Oct 2025 02:03 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share Share
Follow Us on

सरूरपुर। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव नारंगपुर में बुधवार को विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में कई बिन्दुओं को लेकर जांच-पडताल कर रही है। वहीं, विवाहिता के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। गांव रतनगढ़ थाना बलैनी बागपत निवासी 22 वर्षीय तनु उर्फ वर्षा की शादी तीन वर्ष पूर्व सरूरपुर के गांव नारंगपुर निवासी एक सचिन कुमार के साथ हुई थी। शादी को तीन वर्ष बीतने के बाद भी विवाहिता को कोई संतान नहीं थी।

बताया गया कि इस कारण विवाहिता अक्सर तनाव में रहती थी जबकि उसका पति सचिन गाजियबाद के कस्बा लोनी में सेलून की दुकान पर काम करता है। बुधवार सुबह घर का काम निपटाने के बाद विवाहिता अपने कमरे में चली गई। करीब तीन बजे तक जब विवाहिता बाहर नहीं आई तो परिजनों ने गेट खुलवाने के लिए आवाज दी। अंदर से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने जब खिड़की से अंदर झांककर देखा तो विवाहिता रस्सी से पंखे पर लटकी हुई थी। ये देख परिजनों के होश उड़ गए। इस पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से कमरे के गेट को खोलकर शव को फंदे से नीचे उतारा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने हंगामा करते हुए ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। भाई केशव कुमार की ओर से थाने पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। उधर, सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।