ट्रैकमैन की पत्नी और ससुरालियों पर हत्या की साजिश का आरोप
Meerut News - भावनपुर थाना क्षेत्र के लुत्फुल्लापुर निवासी रेलवे ट्रैकमैन विवेक सिंह की संदिग्ध मौत को परिवार ने हत्या बताया है। उन्होंने पत्नी, ससुर और साले पर साजिश का आरोप लगाया है। विवेक की मौत की सूचना मिलने के बावजूद पत्नी ने अस्पताल नहीं जाने की कोशिश की। परिवार ने एसएसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भावनपुर थाना क्षेत्र के लुत्फुल्लापुर बक्सर निवासी रेलवे ट्रैकमैन विवेक सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए पत्नी, ससुर और साले पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है। चार जनवरी विवेक ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। मुंडाली गांव के पास उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों को फोन पर हादसे की सूचना दी गई। मृतक के पिता महेंद्र सिंह का आरोप है कि विवेक और उसकी पत्नी गुंजन के बीच पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था।
इसी को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद गुंजन ने न तो अस्पताल जाने की कोशिश की और न ही पति की हालत जानने में कोई रुचि दिखाई। उसने पूरी रात अपनी जिठानी को कई बार फोन कर अलग-अलग बातें बताईं। उनके पुत्र की हत्या नौकरी और लगभग एक करोड़ रुपये के मुआवजे के लालच में साजिश के तहत कराई गई है। उन्होंने भावनपुर थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर सोमवार को पीड़ित परिजनों ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर की शिकायत की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


