सेंट्रल मार्केट मामले में महिलाओं का धरना जारी, नहीं निकला कोई समाधान

हिन्दुस्तान, मेरठ
Follow us on Google News
share

सुप्रीम कोर्ट द्वारा अवैध निर्माणों को गिराने के आदेश के विरोध में शास्त्रीनगर सेक्टर 2 में महिलाओं का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। महिलाएं सड़क पर टेंट में बैठकर नारेबाजी कर रही थीं और हनुमान चालीसा का पाठ किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को नोएडा में हिरासत में लिया गया, जिससे व्यापारियों में आक्रोश है।

सेंट्रल मार्केट मामले में महिलाओं का धरना जारी, नहीं निकला कोई समाधान

सेंट्रल मार्केट मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए सेटबैक के अवैध निर्माणों को गिराए जाने के आदेश के विरोध में शास्त्रीनगर सेक्टर 2 में चल रहा महिलाओं का धरना शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को भी महिलाएं सड़क पर लगे टैंट में बैठकर नारेबाजी करती रहीं। इस दौरान महिलाओं ने हनुमान चालीसा का भी पाठ किया। महिलाओं ने परिषद अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों से न्याय की अपील की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सेंट्रल मार्केट पहुंचने की सूचना के चलते सुबह से ही पुलिस बल ने यहां डेरा डाले रखा। नहीं पहुंचे अजय राय, नोएडा से हिरासत में लियाकांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को शुक्रवार को अजराड़ा गांव जाना था।

इसके बाद उनका सेंट्रल मार्केट आने का भी कार्यक्रम बताया जा रहा था। महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने गुरुवार को अजय राय की मुलाकात धरनारत महिलाओं और व्यापारियों से कराने की बात कही थी। इस बीच उनकी पुलिस के साथ भी नोकझोंक हुई थी। रंजन शर्मा ने कहा था कि अजय राय सेंट्रल मार्केट जरूर पहुचेंगे, पुलिस को जो करना है वो करे लेकिन शुक्रवार को अजय राय को पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 52 में हिरासत में ले लिया गया। इसकी सूचना मिलने पर पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा नोएडा के लिए रवाना हो गए।परिषद कार्यालय का घेराव टलासंयुक्त व्यापार संघ (निर्वाचित) के आह्वान पर सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर स्थित आवास विकास कार्यालय पर शुक्रवार का प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता के हाउस अरेस्ट किए जाने से टल गया। इस घटनाक्रम को लेकर व्यापारियों में आक्रोश रहा। व्यापारियों का कहना है कि अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से रखना उनका अधिकार है। इस संबंध मे आबूलेन व्यापार संघ की एक आवश्यक बैठक शाम 5 बजे नवीन होटल में संरक्षक सुरेश सज्जनहार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों ने सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा करते हुए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। बैठक में कहा गया कि मेरठ के करीब ढाई लाख व्यापारियों का नेतृत्व कर रहे नवीन गुप्ता के साथ आबूलेन व्यापार संघ दृढ़ता से खड़ा है। इस मौके पर आकाश खन्ना अध्यक्ष, सरदार राजबीर सिंह महामंत्री, गौरव सेठ कोषाध्यक्ष, रमेश चौधरी, सरदार भूपेंद्र सिंह, विशाल अग्रवाल, सचिन रस्तोगी, संजय मुंजाल, नितिन माहेश्वरी, सागर गुप्ता, अजय अग्रवाल, चेतन नागपाल, सरदार गुरदीप सिंह, वसीम मौजूद रहे।व्यापारियों ने की दोषी परिषद अधिकारियों पर कार्रवाई की मांगशुक्रवार को संयुक्त व्यापार संघ मेरठ का प्रतिनिधि मंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला। व्यापारियों ने सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर वार्ता की। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि दोषी अधिकारियों की सूची पिछले साल अक्टूबर माह से पुलिस के पास है जिसमें 90 दिनों में फाइनल रिपोर्ट लगनी होती है लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं लगी है। एक तरफ व्यापारी उजड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अधिकारी रिश्वत की मलाई चाट रहे हैं । संरक्षक अरुण वशिष्ठ ने कहा कि जिस प्रकार से पुलिस द्वारा आवास विकास के अधिकारियों के साथ मिलकर व्यापारियों का प्रतिष्ठान तुड़वाया जा रहा है क्या इस प्रकार पुलिस को संबंधित दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं करनी चाहिए थी। इस मौके पर महामंत्री दलजीत सिंह, पवन मित्तल, कमल ठाकुर, नीरज त्यागी, राजीव गुप्ता काले, अंकित गुप्ता, मनु, अंकुर गोयल, सत्येंद्र अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, पवन गर्ग, रजनीश कौशल शामिल रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।