Meerut News: सेन्ट्रल मार्केट मामले में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव आवास पहुंचे मेरठ
Meerut News: सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद मेरठ के 'सेंट्रल मार्केट' मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद मेरठ पहुंचे हैं। यहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक चल रही है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की जा रही है।
Meerut News: -आवास आयुक्त और अन्य अधिकारी भी हैं, कमिश्नरी में हो रही उच्चस्तरीय बैठक -याचिकाकर्ता, व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से भी कर सकते हैं मुलाकात, फिलहाल मीडिया से वार्ता से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद की कार्रवाई
-सुप्रीम कोर्ट के कड़े तेवर और सख्त आदेशों के बाद मेरठ के बहुचर्चित 'सेंट्रल मार्केट' मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और प्रमुख सचिव (आवास) पी.गुरू प्रसाद, आवास आयुक्त बलकार सिंह शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। उनके साथ विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं।
बैठक और प्रशासनिक गतिविधियां
शुक्रवार को मेरठ पहुंचने पर कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम डा.वीके सिंह और अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। पहले मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और प्रमुख सचिव (आवास) पी.गुरू प्रसाद, आवास आयुक्त बलकार सिंह ने सर्किट हाउस में विचार-विमर्श किया। वहां से वे कमिश्नरी पहुंचे। कमिश्नरी में इस समय मामले से जुड़ी एक उच्चस्तरीय बैठक चल रही है। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन और आगे की रणनीति पर गहन मंथन किया जा रहा है। शीर्ष अदालत की नाराजगी के बाद शासन और प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
मुख्यमंत्री के सलाहकार का दौरा
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के सलाहकार और प्रमुख सचिव का यह दौरा विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसी संभावना है कि वे आज मामले से जुड़े याचिकाकर्ता और व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका पक्ष सुन सकते हैं। हालांकि, दौरे की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया है।
मामले की गंभीरता
यह है मामला गत मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सेन्ट्रल मार्केट, शास्त्रीनगर के अवैध निर्माण मामले में सख्त आदेश देते हुए आवासीय में बने 44 व्यवसायिक निर्माण को ध्वस्त करने का आदेश दिया है। साथ ही कड़े तेवर के साथ सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आवासीय में व्यवसायिक निर्माण को मंजूरी नहीं दी जा सकती है। सेंट्रल मार्केट से जुड़ा यह मामला लंबे समय से सुर्खियों में है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में दिए गए सख्त निर्देशों के बाद अब प्रशासन पर इस मामले को जल्द से जल्द और नियमानुसार निपटाने का भारी दबाव है। स्थानीय प्रशासन की ओर से अब हर कदम बहुत फूंक-फूंक कर रखा जा रहा है ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पूरी तरह से पालना सुनिश्चित की जा सके。


