
आपका बिल सही है या नहीं, अब खुद जान पाएंगे! स्मार्ट मीटर के साथ लगेगा चेक मीटर, दोनों की यूनिट का कर सकेंगे मिलान
Meerut News - यदि स्मार्ट मीटर के बारे में कोई संदेह है, तो चेक मीटर एक समाधान है। यह उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के साथ अपनी बिजली की खपत की तुलना करने की सुविधा देता है। संतोषजनक परिणाम के बाद, पुराना मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा। यह प्रक्रिया सटीक बिलिंग की गारंटी प्रदान करती है।
स्मार्ट मीटर को लेकर मन में तनिक भी संदेह है तो चेक मीटर सभी शंकाओं का समाधान है। चेक मीटर के जरिए आप अपनी बिजली उपयोग का मिलान स्मार्ट मीटर के साथ कर सकते हैं। आपकी संतुष्टि के बाद विभागीय टीम पुराने मीटर को हटाकर स्मार्ट मीटर लगा रहने देगी। मुख्य अभियंता मेरठ जोन मुनीश चोपड़ा का कहना है चेक मीटर की सुविधा स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के मन में शंकाओं को दूर करने को दी गई है। उपभोक्ताओं की मांग पर स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करने वाली टीम उपभोक्ताओं के पुराने मीटर के साथ स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करती है। यह चेक मीटर मोहल्ले या सोसायटी में किसी एक या दो उपभोक्ता के घर लगाया जाएगा।
अधिशासी अभियंता कॉमर्शियल महेश कुमार एवं सौरभ मंगला बताते हैं प्रक्रिया में उपभोक्ता के घर पुराने मीटर के बगल में स्मार्ट मीटर इंस्टॉल कर दोनों को एक-दूसरे से कनेक्ट कर दिया जाता है। इंस्टॉलेशन के समय पुराने मीटर में कुल उपयोग की बिजली यूनिट दिखाई देगी, वहीं स्मार्ट मीटर में यह शून्य होगा। दूसरे दिन पुराने मीटर में कुल खपत यूनिट 210 है तो स्मार्ट मीटर में यह 10 यूनिट दिखाई देगा।
अधीक्षण अभियंता शहर मोहम्मद अरशद का कहना है चेक मीटर से मिलान प्रक्रिया संतोषजनक होने के बाद मीटर इंस्टॉलेशन टीम द्वारा पुराने मीटर को हटा स्मार्ट मीटर घर में स्थाई रूप से लगा रहेगा। मुख्य अभियंता मुनीश चोपड़ा एवं अधीक्षण अभियंता शहर मोहम्मद अरशद का कहना है कि चेक मीटर से उपभोक्ता खुद देख सकते हैं कि दोनों मीटर की रीडिंग एक समान है। इससे सटीक बिलिंग की गारंटी होती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




