आंधी बरसात ने मचाई तबाही,‚ 35 बिजली के खंभे उखड़े‚, आपूर्ति ठप
Meerut News - बुधवार देर रात आई आंधी ने खादर क्षेत्र के कई गांवों में भारी तबाही मचाई। आंधी और बारिश के कारण कई पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गांवों में आवागमन बाधित हुआ और फसलों को भी नुकसान पहुंचा। बिजली विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

बुधवार देर रात्रि आई आंधी ने खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में कहर बरपाया। आंधी व बरसात के चलते मुख्य मार्ग समेत अन्य मार्गों पर वृक्ष टूटकर गिर गए और बिजली आपूर्ति चरमरा गई। आंधी में तारापुर, सराय खादर, फाजलपुर, कुन्हेड़ा, रठौरा कला और बड़ी चमरौध समेत करीब एक दर्जन गांव प्रभावित हुए। हस्तिनापुर से रामराज जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर वृक्ष गिरने से मुख्य मार्ग बाधित हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार की प्रातः के समय ग्रामीण व वन विभाग के कर्मचारी वृक्षों को हटाने में लगे। तब जाकर दोपहर बाद आवागमन शुरू कराया जा सका।
कई स्थानों पर ग्रामीणों और राहगीरों ने स्वयं पेड़ हटाने का प्रयास किया, लेकिन भारी वृक्ष होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों के अनुसार आंधी लगभग बीस मिनट तक चली। सुबह होते ही सड़कों, खेतों और बिजली लाइनों पर टूटे वृक्ष दिखाई दिए। वहीं आंधी व बरसात से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। तूफान से बिजली विभाग को भी भारी क्षति पहुंची है। कई गांवों में करीब 35 बिजली के खंभे टूट गए, जबकि चार ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गए। तेज हवाओं से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र में पिछले 12 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। विभागीय कर्मचारी लाइनें दुरुस्त करने में जुटे हैं। अवर अभियंता बिजेंद्र कुमार ने बताया कि आंधी में करीब 35 खंभे टूटे हैं और चार ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त लाइनें और खंभे बदलने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


