हस्तिनापुर रोड बिजलीघर का केबल बॉक्स फुंका, सात घंटे आपूर्ति ठप

Newswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share

Meerut News - भीषण गर्मी के चलते मवाना में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार दोपहर को हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर में केबल बॉक्स में आग लगने से फाल्ट हुआ, जिससे करीब सात घंटे तक बिजली बंद रही। इससे कस्बे की आधी आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

हस्तिनापुर रोड बिजलीघर का केबल बॉक्स फुंका, सात घंटे आपूर्ति ठप

भीषण गर्मी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति भी लड़खड़ाने लगी है। हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर में शुक्रवार दोपहर केबल बॉक्स में आग लगने से फाल्ट हो गया, जिसके चलते करीब सात घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे मवाना कस्बे की आधी आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अचानक मवाना फीडर के केबल बॉक्स में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे उसमें आग लग गई। आग लगते ही बिजलीघर में अफरातफरी मच गई और तत्काल आपूर्ति बंद करनी पड़ी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक केबल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से मवाना की आधी आबादी समेत वीआईपी इलाके तहसील क्षेत्र में भी बिजली का कट लग गया। साथ ही कई मोहल्लों में लोग उमस भरी गर्मी में पसीना-पसीना हो गए। घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी। वहीं, बाजार क्षेत्र में भी दुकानदारों का काम प्रभावित हुआ।उपभोक्ताओं का कहना है कि हर साल गर्मी शुरू होते ही बिजलीघर में फाल्ट की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन विभाग समय रहते कोई ठोस व्यवस्था नहीं करता। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद खराब केबल को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते लोड और पुरानी लाइनें इस तरह की समस्याओं का मुख्य कारण हैं, जिन्हें जल्द सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति सात घंटे बंद रहने की घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आगे ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।नगर के अवर अभियंता चन्द्रशेखर मौर्य ने बताया कि केबल बाक्स फुंकने के बाद उसे ठीक करने में समय लगता है। शुक्रवार को दो बजे फज्ञल्ट होने के बाद रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी।आज बिजली आपूर्ति छह घंटे बाधित रहेगीमवाना। मेरठ रोड स्थित 33/11 केवी बिजली घर पर पोषित उद्योग फीडर के अंतर्गत जर्जर तार बदलने और पोल लगाने का कार्य पूर्ण कराया जाना है। इस कारण से मेरठ रोड स्थित बिजली घर से रविवार को प्रातः 11:00 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कार्य उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बेहतर करने के लिए किया जा रहा है। यह जानकारी नगर के अवर अभियंता चंद्रशेखर मौर्य ने दी।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।