Meerut News: रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार घायल
Meerut News: मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक जॉनी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे सरूरपुर सीएचसी और फिर जिला अस्पताल मेरठ रेफर किया गया। बस चालक मौके से फरार हो गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Meerut News: मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सरूरपुर सीएचसी पर भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के बालाजी पुरम निवासी जॉनी पुत्र रामपाल रविवार सुबह स्कूटी से पुरामहादेव जा रहा था। सलावा रजवाहे की पटरी से होते हुए वह मेरठ-करनाल हाईवे पर पहुंचा था। इसी दौरान मेरठ से सवारियां लेकर शामली जा रही रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जॉनी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और बस यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल भिजवाया। सरूरपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल मेरठ के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस और क्षतिग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।


