Meerut News: तेज रफ्तार दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवक गंभीर
Meerut News: रोहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अमानुल्लापुर गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

Meerut News: रोहटा थाना क्षेत्र में मेरठ-रोहटा मार्ग पर अमानुल्लापुर गांव के पास गुरुवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सतवाई निवासी सतेन्द्र गुरुवार रात करीब नौ बजे अपने साथी राहुल के साथ बाइक से मेरठ की ओर से गांव लौट रहा था।
अमानुल्लापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही रोहटा निवासी जिशान की बाइक से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। टक्कर के बाद दोनों बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष पूजा पंवार ने बताया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


