Meerut News: रजिस्ट्री में देरी पर लोगों का हंगामा, सर्वर स्लो होने से दो दिन से काम ठप
Meerut News: रजिस्ट्री कार्यालय में सर्वर धीमा होने के कारण बैनामे और रजिस्ट्री का काम प्रभावित हुआ। लोगों के तय समय पर काम न होने से हंगामा हुआ। कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया कि समस्या जल्दी ठीक की जाएगी। बाद में बैनामों का कार्य शुरू हुआ और लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की।

Meerut News: रजिस्ट्री कार्यालय में पिछले दो दिनों से सर्वर धीमा होने के कारण बैनामे और रजिस्ट्री का काम प्रभावित रहा। बुधवार को काम में देरी से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों के विरोध के चलते कार्यालय में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में बैनामों का कार्य शुरू हुआ तो लोग शांत हुए। लोगों ने बताया कि सर्वर धीमा होने के कारण उन्हें रजिस्ट्री कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग दूर-दराज से बैनामा कराने पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते उनका काम नहीं हो पा रहा था।
कर्मचारी साइट बंद होने व सर्वर धीमा होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री कार्यालय में जमा हो गए। साढ़े 10 बजे तक भी बैनामों का कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर हंगामा कर दिया। कर्मचारियों ने लोगों को सर्वर की समस्या दूर होने के बाद काम सुचारू रूप से शुरू होने का भरोसा दिलाया। करीब पौने 11 बजे बैनामों का कार्य शुरू हुआ तब जाकर लोग शांत रहे। देर शाम तक बैनामों का कार्य रजिस्ट्री कार्यालय में चलता रहा। लोगों ने सब रजिस्ट्रार संजू सिंह से सर्वर संबंधी समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि रजिस्ट्री कार्यालय आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


