
रिश्तेदारों को बना दिया टीबी का फर्जी मरीज, हड़प लिए लाखों, सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप
Meerut News - परीक्षितगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर पर लाखों रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप है। आरोपी ने रिश्तेदारों को फर्जी टीबी मरीज बनाकर धनराशि हड़पी। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है।
परीक्षितगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीबी रोग विभाग के सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर पर लाखों रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप है। आरोप है कि उसने अपने रिश्तेदारों को फर्जी तरीके से टीबी का रोगी दिखाकर राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की धनराशि को हड़प लिया। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर परीक्षितगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली निवासी साकिब ने शिकायत पत्र देकर बताया कि किठौर निवासी जुनैद जब्बार पिछले 10 वर्षों से परीक्षितगढ़ सीएचसी में सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस) पद पर तैनात है। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी रोगियों को निशुल्क दवाओं के साथ छह माह तक प्रति माह 500 रुपये की पोषण सहायता प्रदान की जाती है। इसी को लेकर अपने रिश्तेदारों को टीबी का मरीज दिखाकर राशि को हड़प लिया गया। इस धोखाधड़ी का खुलासा एक पारिवारिक विवाद के बाद हुआ। आरोपी के रिश्तेदार शकीब अहमद ने डीएम, सीएमओ और थाने में शिकायत की। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया के निर्देश पर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि 20 जनवरी 2024 को कुछ खातों में डाली गई राशि उसी दिन आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी गई थी। अभी लगभग 40 संदिग्ध बैंक खातों की जांच लंबित है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी आठ दिनों से ड्यूटी से गायब है। वहीं, शिकायतकर्ता ने आरोपी पक्ष से धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी समझौते का दबाव बना रहे हैं। शनिवार को पीड़ित ने डीआईजी, एसएसपी से सुरक्षा की मांग की है।
उधर, सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया सीएचसी प्रभारी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। परीक्षितगढ़ पुलिस को जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी करने के आदेश दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




