
ऋण आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएं बैंक : लवकुश कुमार
Meerut News - राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य लवकुश कुमार ने मेरठ में आठ बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अनुसूचित जातियों के आर्थिक उत्थान में बैंकों की भूमिका पर चर्चा की और ऋण आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने की जरूरत बताई। केनरा बैंक द्वारा आयोजित इस बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग सदस्य लवकुश कुमार सोमवार को मेरठ पहुंचे। उन्होंने आठ बैंकों के अफसरों के साथ बैठक कर अनुसूचित जातियों के आर्थिक उत्थान में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भूमिका की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बैंकों को ऋण आवेदन की प्रक्रिया को और अधिक सरल और पारदर्शी बनाना चाहिए। केनरा बैंक द्वारा अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के समन्वय से सोमवार को होटल हारमनी इन में मेरठ अंचल के अंतर्गत अनुसूचित जाति के वित्तीय समावेशन और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा बैठक हुई। लवकुश कुमार का केनरा बैंक उप महाप्रबंधक वेंकट रामुलु ने स्वागत किया। जिला अग्रणी प्रबंधक राकेश खन्ना ने जनपद मेरठ से संबंधित विशिष्ट आंकड़े प्रस्तुत किए, जिसमें जिले में बैंकों द्वारा अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को दिए ऋण की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
संचालन जिला अग्रणी कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रविकांत अग्रिश ने किया। बैठक के अंत में केनरा बैंक मंडल प्रबंधक कमल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आठ प्रमुख बैंकों ने प्रस्तुत किया तीन वर्षों का रिपोर्ट कार्ड : बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और आईडीबीआई बैंक के क्षेत्रीय प्रमुखों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने तीन वित्तीय वर्षों 2022-25 का डेटा प्रस्तुत किया। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के उद्यमियों और युवाओं को मुद्रा योजना, एमएसएमई और शिक्षा ऋण के तहत आवंटित धनराशि का ब्योरा दिया। सामान्य श्रेणी बनाम अनुसूचित जाति श्रेणी के प्राप्त ऋण आवेदनों, उनकी स्वीकृति दर और अस्वीकृति के कारणों की समीक्षा के साथ तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में लक्षित वर्ग की भागीदारी पर चर्चा की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




