रोहित हत्याकांड: ज्वालागढ़ छावनी में तब्दील, ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक
Meerut News - सरधना में रोहित की हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने रिश्तेदारों को समझाने की कोशिश की, जिससे हंगामा हुआ। हत्याकांड के खुलासे पर सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, जिससे तनाव बढ़ गया। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सरधना में एक सप्ताह पूर्व हुई रोहित की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजनीतिक दलों ने प्रकरण को उठाया तो पुलिस प्रशासन में हलचल पैदा हो गई। मंगलवार को पुलिस ने रोहित के रिश्तेदारों के यहां पहुंचकर उन्हें समझाया और बाहर कुर्सियां डालकर बैठे लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से रोहित के रिश्तेदार भड़क गए। उन्होंने पुलिस को घेरकर हंगामा कर दिया। पुलिस से नोकझोंक हुई। गांव में तनावपूर्ण स्थिति है, जिसके चलते भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। मुजफ्फरनगर निवासी रोहित उर्फ रोनू उर्फ सोनू की एक सप्ताह पूर्व सरधना में अक्खेपुर गांव के बाहर हत्या कर दी गई थी।
शव को पहचान छुपाने के लिए जला दिया गया था। पुलिस ने आग से अधजले शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया था। सलावा निवासी एक किशोर को पकड़कर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस के अनुसार टेम्पो में गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में रोहित की हत्या की गई थी। एक सप्ताह से ये मामला शांत था। इसी बीच कपसाड़ कांड हुआ तो इस मामले पर भी राजनीति शुरू हो गई। विपक्ष ने इस हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, नगीना सांसद चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया पर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। ज्वालागढ़ में रोहित के रिश्तेदारों से मिलने को रानीतिक व सामाजिक संगठनों का आवागमन शुरू हो गया। परिजनों ने भी हत्याकांड के खुलासे पर सवाल उठाया। कहा पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेजकर इतिश्री कर ली, जबकि कई आरोपी हत्याकांड में शामिल थे। मंगलवार को आजाद समाज पार्टी, कांग्रेस, कश्यप वंशीय समाज हित संस्था, बसपा कार्यकर्ता ज्वालागढ़ पहुंचे। शाम को सीओ आशुतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर जमा भीड़ को वहां से जाने को कहा। घर के बाहर कुर्सियों को भी पुलिस ने हटा दिया। इस पर ग्रामीण भड़क गए। पुलिस से नोकझोंक हो गई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस और ग्रामीणों में धक्कामुक्की हो गई। तनावपूर्ण स्थिति को देख गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ सरधना और इंस्पेक्टर सरधना मौके पर मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


