मेरठ कैंट बोर्ड में 100 से अधिक रिक्त पदों पर होगी भर्ती
Meerut News - मेरठ समेत देशभर के सभी 61 कैंट बोर्ड में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। एसएससी के माध्यम से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को बढ़ावा दिया जाएगा। मेरठ कैंट में 200 से अधिक रिक्त...

मेरठ। मेरठ समेत देशभर के सभी 61 कैंट बोर्ड में रिक्त पदों पर अब जल्द भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होगी। कैंट बोर्ड में यह भर्ती कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के माध्यम से की जाएगी, ताकि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को बढ़ावा मिल सके। मेरठ कैंट बोर्ड में 200 से अधिक पद रिक्त हैं, जिनमें से आधे से अधिक पदों पर अब नियुक्ति की संभावना है। रक्षा मंत्रालय की ओर से देश के सभी कमांड ऑफिस और कमांड ऑफिस से कैंट बोर्ड को आदेश जारी किया गया है। कैंट बोर्ड में वर्षों से वित्तीय संकट के कारण भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक को हटा दिया है।
यह स्पष्ट कर दिया है कुछ जरूरी पदों को केस-टू-केस आधार पर भरा जाएगा। बशर्ते कैंट बोर्ड को रिक्त पदों की आवश्यकता को सही ठहराया जाए। सभी सीईओ को अपने बोर्ड में भरे जाने वाले आवश्यक पदों की पहचान कर रिपोर्ट देनी होगी, उन पदों पर नई नियुक्ति के लिए बोर्ड से प्रस्ताव पास भी कराना होगा। इसके बाद मेरठ कैंट में 100 से अधिक पदों पर नियुक्ति की संभावना है। भर्ती के लिए शर्तें -केवल ग्रुप ‘बी और ‘सी के पदों पर भर्ती होगी। ग्रुप ‘डी के पदों पर कोई भर्ती नहीं होगी। - उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ‘डाइंग कैडर की रिक्तियों पर कोई भर्ती नहीं होगी। - सैन्य संरक्षण से संबंधित रिक्तियों को आउटसोर्स किया जाएगा, उन्हें भरा नहीं जाएगा। - तकनीकी पदों (जैसे प्रोग्रामर, इंजीनियर) और लिपिक/प्रशासनिक पदों (जहां मौजूदा कर्मचारी 50% से कम हैं) पर भर्ती की जाएगी। - शिक्षकों के पद तभी भरे जाएंगे, जब छावनी बोर्डों को वेतन के लिए शिक्षा अनुदान मिलता हो। भर्ती प्रक्रिया और समय सीमा - सभी कैंट बोर्ड को भर्ती नियम तैयार करने होंगे, जो कैंट बोर्ड नियम-2021 और मौजूदा सरकारी मानदंडों के अनुरूप हों। - कैंट बोर्ड को एसएससी के माध्यम से भर्ती को अधिकृत करने वाला एक प्रस्ताव पारित करना होगा और रिक्तियों का विवरण तैयार करना होगा। - जल्द से जल्द कैंट बोर्ड को प्रस्ताव, भर्ती नियम और रिक्ति विवरण प्रधान निदेशालय, रक्षा संपदा को भेजने होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




