मेरठ। मुख्य संवाददाता
नगर निगम में साल के अंतिम दिन हाउस टैक्स वसूली का रिकार्ड बन गया। एक दिन में एक करोड़ सात लाख 83 हजार रुपये जमा होने का रिकार्ड बना। इस कारण अब हाउस टैक्स में छूट की सुविधा 15 जनवरी तक के लिए बढ़ा दी गई है। अब कोई भी व्यक्ति अपना हाउस टैक्स 15 जनवरी तक 20 प्रतिशत छूट के साथ जमा कर सकता है।
नगर आयुक्त की ओर से जारी छूट का आदेश 31 दिसंबर तक ही था। छूट के कारण दिसंबर के अंतिम दिन लोगों ने खूब हाउस टैक्स जमा किया। इस कारण नगर निगम को एक दिन में एक करोड़ सात लाख से अधिक की राशि जमा हुई। वैसे दिसंबर का महीना नगर निगम के लिए ठीक रहा। दिसंबर के महीने में नगर निगम में रिकार्ड नौ करोड़ से अधिक की आय हुई। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि अब लोगों की सुविधा को देखते हुए नगर आयुक्त ने 20 प्रतिशत छूट को 15 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है। अब कोई भी व्यक्ति , जिन्होंने अब तक हाउस टैक्स जमा नहीं किया है वह 15 जनवरी तक 20 प्रतिशत छूट के साथ जमा कर सकते हैं।