
मंदिर में लगा ताला खुलवाने के लिए धरने पर बैठे ग्रामीण
Meerut News - भामौरी गांव के श्री बालाजी धाम मंदिर में तंत्र क्रिया की शिकायत पर प्रशासन ने ताला लगा दिया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने तहसील में धरना दिया। तहसीलदार ने वार्ता कर मामला शांत किया और...
भामौरी गांव में झिटकरी रोड स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर में तंत्र क्रिया होने की शिकायत पर पहुंची तहसील प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को वहां ताला लगा दिया था। इसका पता लगते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया और शनिवार को तहसील पहुंचकर लोगों ने हंगामा कर दिया। एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचीं तहसीलदार ने पुजारी व लोगों से वार्ता की। लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने लोगों को मंदिर की चाबी सौंपकर मामला शांत कराया। भामौरी गांव में झिटकरी रोड पर श्रीबालाजी धाम मंदिर है। बीते दिनों कुछ ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की थी कि वहां एक व्यक्ति तंत्र क्रिया करता है।

इस शिकायत के आधार पर तहसील प्रशासन ने श्रीबालाजी धाम मंदिर में ताला लगवा दिया। यह देख ग्रामीणों में रोष फैल गया। शनिवार को पुजारी प्रदीप के साथ तमाम ग्रामीण तहसील में धरने पर बैठ गए। पुजारी ने ताला खुलने तक अन-जल त्यागने की बात कह दी। इस दौरान धरने पर ही लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख तहसीलदार ज्योति लोगों से वार्ता करने पहुंचीं। कुछ देर बाद तहसीलदार ने पुजारी और लोगों को चाबी सौंप दी। साथ ही कहा कि किसी भी रूप में माहौल खराब नहीं होना चाहिए। ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद लोगों ने धाम का ताला खोला और पूजा अर्चना शुरू कर दी। धरने में जनेश्वर, दीपक सोम, अनुज सोम, चीनू खेड़ा, संजीव, दीपक, नागेंद्र राठी, अनिल दबथुवा, प्रदीप, संजीव, अंकित आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


