सत्ता संग्राम : पश्चिम से विधानसभा में कम हो गई आधी आबादी की ताकत
पश्चिम उत्तर प्रदेश के तीन मंडलों से आधी आबादी की विधानसभा में ताकत इस बार कम हो गई है। पहले मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल से 10 महिला विधायक चुनी...

मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश के तीन मंडलों से आधी आबादी की विधानसभा में ताकत इस बार कम हो गई है। पहले मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल से 10 महिला विधायक चुनी गईं थीं। इस बार 2022 में यह संख्या छह हो गई है। सहारनपुर मंडल से पहले भी कोई महिला विधायक नहीं थीं। इस बार भी कोई महिला विधायक नहीं बनीं। बुलंदशहर जिले से महिला विधायकों की संख्या तीन से घटकर एक रह गई है। बिजनौर में दो से घटकर एक हो गई है।
2017 के विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में मेरठ मंडल के जिलों से चार और मुरादाबाद मंडल से छह महिला विधायक चुनी गईं थी। इस तरह विधानसभा में पश्चिम क्षेत्र से 10 महिला विधायक आधी आबादी का प्रतिनिधित्व कर रहीं थी। मेरठ मंडल में बुलंदशहर जिले से तीन और गाजियाबाद जिले से एक महिला विधायक विधानसभा पहुंची थी। 2022 के चुनाव में बुलंदशहर जिले से महिला विधायकों की संख्या एक रह गई। खुर्जा से भाजपा के टिकट पर मीनाक्षी सिंह चुनीं गई। वहीं गाजियाबाद जिले की मोदीनगर सीट से लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर डा. मंजू सिवाच विधायक बनीं।
मुरादाबाद मंडल में बिजनौर जिले से 2017 में कमलेश सैनी, सुचि सिंह विधायक थीं। संभल जिले में चंदौसी से गुलाब देवी और असमौली से पिंकी यादव विधायक चुनीं गईं। वहीं रामपुर जिले में मिलक से राजबाला सिंह और अमरोहा के नागांव सादात से संगीता चौहान विधायक बनीं थी।
2022 में बिजनौर से फिर भाजपा के टिकट पर सुचि सिंह विधायक चुनीं गई हैं। वहीं संभल जिले में चंदौसी से भाजपा की गुलाब देवी और असमौली से सपा की पिंकी यादव फिर विधायक बनीं हैं। संभल जिले से आधी आबादी का प्रतिनिधित्व इस बार 2017 की तरह रह गया है। रामपुर जिले में मिलक से भाजपा की राजबाला फिर विधायक बनीं हैं। सहारनपुर मंडल से विधानसभा में आधी आबादी का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।
पश्चिम से 2017 की विधानसभा में महिला विधायक
जिला विधानसभा क्षेत्र पार्टी विधायक
बुलंदशहर डिबाई भाजपा डा.अनीता लोधी राजपूत
बुलंदशहर सिकंदराबाद भाजपा विमला सोलंकी
बुलंदशहर बुलंदशहर भाजपा ऊषा सिरोही
गाजियाबाद मोदीनगर भाजपा डा.मंजू सिवाच
बिजनौर चांदपुर भाजपा कमलेश सैनी
बिजनौर बिजनौर भाजपा सुचि सिंह
संभल असमौली सपा पिंकी यादव
संभल चंदौसी भाजपा गुलाब देवी
रामपुर मिलक भाजपा राजबाला सिंह
अमरोहा नौगांव सादात भाजपा संगीता चौहान
पश्चिम से 2022 की विधानसभा में पहुंची महिला विधायक
बुलंदशहर खुर्जा भाजपा मीनाक्षी सिंह
बिजनौर बिजनौर भाजपा सुचि सिंह
गाजियाबाद मोदीनगर भाजपा डा.मंजू सिवाच
संभल चंदौसी भाजपा गुलाब देवी
संभल असमौली सपा पिंकी देवी
रामपुर मिलक भाजपा राजबाला सिंह
