
हिस्ट्रीशीटर सरताज के बेटे का पुलिस ने डीएनए सैंपल लिया
संक्षेप: Meerut News - मुंडाली में हिस्ट्रीशीटर सरताज के हत्या के मामले में पुलिस को शिनाख्त को लेकर संदेह है। पुलिस ने सरताज के भाई और बेटे का डीएनए सैंपल लिया है। सरताज का शव 14 अक्टूबर को मिला था और उसकी हत्या के मामले में कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। माहिर की हत्या का भी अभी तक पर्दाफाश नहीं हुआ है।
मुंडाली। हिस्ट्रीशीटर सरताज हत्याकांड में उसकी शिनाख्त को लेकर पुलिस को जो शंका है, पुलिस उसे पूरी तरह से स्पष्ट करना चाहती है। इसलिए पुलिस ने सरताज के भाई के बाद अब उसके बेटे का भी डीएनए सैंपल लिया है। वहीं इस सरताज की हत्या हुए करीब महीना होने जा रहा है लेकिन पुलिस अभी तक खाली हाथ है। नामजद केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को अभी तक पकड़ नहीं पाई है। बता दें कि थाना मुंडाली क्षेत्र के जिसौरा निवासी हिस्ट्रीशीटर सरताज का सड़ा गला शव गत 14 अक्तूबर की रात हापुड़-मेरठ के बॉर्डर स्थित शरीफपुर गांव के जंगल में मिला था।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही नौ लोगों के खिलाफ अगवा करने व हत्या का केस दर्ज किया था। वहीं, दूसरी ओर शव की शिनाख्त को लेकर पुलिस को संदेह है। हालांकि, परिजनों ने कपड़ों से शिनाख्त कर शव सरताज का होने का ही दावा किया है। बावजूद इसके पुलिस डीएनए टेस्ट करा रही है ताकि कोई शंका न रहे। पुलिस ने डीएनए के लिए सरताज के शव से सैंपल उसी समय ले लिया था। पिछले हफ्ते पुलिस ने डीएनए मैचिंग के लिए सरताज के भाई वकील का सैंपल लिया था। परिजनों ने बताया कि पुलिस उसे पर्याप्त नहीं मान रही है। इसलिए पुलिस ने सोमवार को सरताज के बेटे जैद का डीएनए सैंपल लिया है। माहिर की हत्या का भी हो पर्दाफाश 27 जून की रात को सरताज के तहेरे भाई स्टोर संचालक माहिर की भी बेरहमी से गोलियां से भूनकर हत्या कर दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज किया था। उसके चार माह बाद अब सरताज की हत्या हो गई। परिजनों ने कहा कि पुलिस न अब तक माहिर की हत्या का पर्दाफाश कर पाई और न ही सरताज के हत्यारोपियों को पकड़ पा रही है। सभी आरोपी फरार हैं। वहीं, इस मामले में थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




