कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा महिला का शव
Meerut News - बागपत जिले में एक महिला गुलफ्शा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके ससुराल वालों ने शव को बिना सूचित किए दफन कर दिया था। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अनुमति लेकर शव को कब्र से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कालंद रोड स्थित कब्रिस्तान से महिला के शव को कब्र से बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत 10 दिन पूर्व संदिग्ध हालात में हो गई थी। ससुराल वालों ने बिना मायके वालों को सूचना दिए शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। मायकेवालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने डीएम से अनुमति लेकर शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। बता दें कि जिला बागपत के बिनौली निवासी नवाबुद्दीन की 19 वर्षीय पुत्री गुलफ्शा की शादी 12 अक्टूबर 2025 को सरधना के कालंद रोड नई बस्ती निवासी युवक से हुई थी।
31 मार्च को संदिग्ध हालात में गुलफ्शा की मौत हो गई थी। सुसराल वालों ने परिजनों को उसकी बीमारी के कारण मौत होने की सूचना तो दी लेकिन उनके आने से पहले ही गुलफ्शा के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया था। मायकेवालों ने इसका विरोध किया था और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की। साथ ही शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी। डीएम के यहां से शुक्रवार को शव कब्र से निकलवाने की अनुमति मिल गई, जिसके बाद शनिवार को पुलिस ने महिला के परिजनों और फॉरेंसिक टीम की देखरेख में शव को कब्र से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


