
फर्जी दस्तावेजों के दम पर छह लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
Meerut News - परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर में एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए छह लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित ने प्लॉट खरीदने का सौदा किया था लेकिन आरोपी ने धोखे से पैसे हड़प लिए। आरोपी विश्वनाथ सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर सेक्टर-एक में प्लॉट के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे पीड़ित को झांसे में लेकर मोटी रकम हड़प ली थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। शताब्दी नगर निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र सीताराम ने परतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने एक प्लॉट खरीदने के लिए सौदा किया था। विश्वनाथ सिंह उर्फ मोनू निवासी पोरा गांव, थाना सिकंदराराऊ, जिला हाथरस हाल निवासी कृष्ण कुंज, मोदीनगर ने खुद को प्लॉट का मालिक बताते हुए फर्जी पैन कार्ड, आधार कार्ड और प्लॉट से जुड़े कूटरचित दस्तावेज दिखाकर विश्वास में ले लिया।
आरोपी ने चालाकी से छह लाख रुपये हड़प लिए और जब पीड़ित ने बैनामा कराने की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ ही दिनों बाद आरोपी किराए का कमरा छोड़कर फरार हो गया। न तो उसने बैनामा कराया और न ही रकम वापस की। परतापुर एसओ अजय शुक्ला ने बताया मुखबिर की सूचना पर आरोपी विश्वनाथ सिंह को परतापुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की ठगी में शामिल रहा है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




