
थाने की जमीन पर प्लॉट बेचने के आरोपियों को भेजा जेल
Meerut News - पल्लवपुरम की मधुर एन्क्लेव में एंटी करप्शन थाने की 20 करोड़ रुपये की भूमि पर कब्जा कर बेचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। बिल्डरों ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम...
पल्लवपुरम की मधुर एन्क्लेव स्थित एंटी करप्शन थाने की बीस करोड़ रुपये की भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने के मामले में गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पल्लवपुरम में मधुर एन्क्लेव के पास एंटी करप्शन का थाना बनाया जाना शासन से प्रस्तावित था, जिसके लिए भूमि भी आवंटित कर दी गई थी, लेकिन बिल्डर आशीष गुप्ता, आदित्य गुप्ता, अजय चौधरी, अंशु ने भूमि पर कब्जा कर अपनी कॉलोनी में काटे गए प्लॉट के साथ थाने की भूमि की 20 करोड़ की भूमि को भी बेच दिया था। लेखपाल हरवीर ने पैमाइश की तो मामले का खुलासा हुआ और बिल्डरों के खिलाफ पल्लवपुरम थाने पर मुकदमा दर्ज कराया।
बिल्डरों ने मधुर एन्क्लेव कॉलोनी की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर थाने की भूमि को बेचा था। बुधवार को पल्लवपुरम पुलिस ने एसओजी के साथ मिलकर दबथुवा निवासी अजय और बिजनौर निवासी अंशु को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और गुरुवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अभी फरार आरोपी आशीष गुप्ता, आदित्य गुप्ता की तलाश में जुटी है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पकड़े गए दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, बाकी दो की तलाश अभी जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




