
गजब का चोर, चार लाख के बादाम-काजू चुरा ले गया
Meerut News - ब्रह्मपुरी के नूर नगर में चोरों ने एक थोक किराना दुकान में बड़ी चोरी की। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसकर तीन गेट तोड़कर लाखों रुपये के ड्राई फ्रूट्स और नकद चोरी कर भाग गए। दुकान मालिक ने सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के नूर नगर इलाके में गुरुवार देर रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक थोक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए चोर एक के बाद एक तीन गेट तोड़ते हुए लाखों रुपये का माल समेट कर फरार हो गए। पहचान से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार, चोरों ने करीब चार लाख रुपये मूल्य के ड्राई फ्रूट्स बादाम, काजू, पिस्ता और अखरोट के साथ लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दुकान संचालक शकील मदीना कॉलोनी के रहने वाले हैं और पिछले चार वर्षों से अफाक कॉलोनी के बाहर थोक किराना दुकान संचालित कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर लौटे थे। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और भीतर रखा माल गायब था। जांच में सामने आया कि चोर ऊपर की मंजिल का गेट तोड़कर भीतर घुसे और नीचे स्थित दोनों कमरों के गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिए। सीसीटीवी खंगालने पर डीवीआर गायब मिला।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ के दावों में नहीं है दम ब्रह्मपुरी इलाके में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। आए दिन दुकानों और घरों को निशाना बनाया जा रहा है, मुकदमों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं सीओ ब्रह्मपुरी गश्त बढ़ाने और कार्रवाई करने के अनेक दावे करते हुए कई बार अपनी पीठ थपथाते नजर आते हैं लेकिन सख्त कार्रवाई के दावों के बावजूद वारदातों में कमी नहीं आ रही। रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित दिखाई देती है, नतीजतन रात में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कहना इनका तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस जांच करेगी। जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा। - आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




