Officials Inspect Major Dhyan Chand Sports University Construction Ahead of Possible CM Visit सलावा पहुंचा अधिकारियों का अमला, विश्वविद्यालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, Meerut Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMeerut NewsOfficials Inspect Major Dhyan Chand Sports University Construction Ahead of Possible CM Visit

सलावा पहुंचा अधिकारियों का अमला, विश्वविद्यालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया

Meerut News - सलावा पहुंचा अधिकारियों का अमला, विश्वविद्यालय निर्माण कार्य का निरीक्षण कियाकमिश्नर, डीआईजी, डीएम व एसएसपी रहे अमले में शामिल, निर्माण एजेंसी को दिए

Newswrap हिन्दुस्तान, मेरठSun, 29 Dec 2024 02:12 AM
share Share
Follow Us on
सलावा पहुंचा अधिकारियों का अमला, विश्वविद्यालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया

शनिवार को अचानक अधिकारियों का अमला सलावा में निर्माणधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण स्थल पर पहुंच गया। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से बातचीत की, साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों का यह दौरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे के चलते रहा। आधिकारिक सूत्रों की माने तो कभी भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरीक्षण के लिए आ सकते हैं। इसी के चलते अधिकारी अपनी तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे का कोई आधिकारिक कार्यक्रम की सूचना नहीं है। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि 30 दिसंबर को आने की संभावना थी, लेकिन फिलहाल कार्यक्रम नहीं है। शनिवार को कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, डीआईजी कलानि​धि नैथानी, डीएम दीपक मीणा व एसएसपी डा. विपिन ताडा ने दोपहर में सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य धीमी गति से होता मिला। कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी दीपांशु प्रमोटर एंड बिल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों को प्रधानमंत्री की प्राथमिकता वाले इस कार्य को निर्धिारित समय में पूरा करने के अलावा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही व देरी को किसी कीमत पर बर्दाशत नहीं किया जाएगा। डीआईजी कलानि​धि नैथानी ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के संबंध में एसएसपी डा. विपिन ताड़ा से सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

14 अगस्त तक पूरा होना है कार्य

सलावा में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य प्रोजेक्ट के अनुसार 14 अगस्त 2025 तक पूरा करना है। उसके बाद यह विश्वविद्यालय निर्माण एजेंसी द्वारा हैंड ओवर कर दिया जाएगा। उसके बाद वर्ष 2026 के शिक्षा सत्र से पहले एडमिशन शुरू करने का लक्ष्य इसमें रखा गया है।

2022 में हुआ था विश्वविद्यालय का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो जनवरी 2022 को सलावा में खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था। यह खेल विश्वविद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। लगभग 90 एकड़ में बन रहे प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय में ओलंपिक खेल से संबंधित अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

संभावित दौरे को लेकर तैयारियों में जुटा प्रशासन

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय निर्माण का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा संभावित है। जिसको लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को कमिश्नर व अन्य अधिकारियों ने सलावा पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।