
राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता शुरू, ड्रेसाज में मेजर यशदीप रहे आगे
संक्षेप: Meerut News - आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में राष्ट्रीय स्तर की घुड़सवारी प्रतियोगिता शनिवार से शुरू हुई। पहले दिन ड्रेसाज इवेंट में 24 घुड़सवारों ने भाग लिया। मेजर यशदीप अहलावत ने अपने घोड़े फरेरो के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया। प्रतियोगिता 21 नवंबर तक चलेगी।
आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में शनिवार से राष्ट्रीय स्तर की घुड़सवारी प्रतियोगिता शुरू हो गई। एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता की शुरुआत ड्रेसाज इवेंट से हुई। इवेंट में 24 घुड़सवार सेना और सिविलियन क्लबों से प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। ड्रेसाज के इवेंट में घुड़सवार यदि सवार घोड़े को नहीं संभाल सका तो मौके पर मौजूद ज्यूरी चीफ उस घोड़े को प्रतियोगिता के अगले इवेंट में जाने से रोक देते हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन नोवीस ड्रेसाज के मुकाबले खेले गए। 61 कैवेलरी के मेजर यशदीप अहलावत अपने घोड़े फरेरो के साथ सबसे तेज रहे। घुड़सवारी की यह प्रतियोगिता 21 नवंबर तक चलेगी।

आरवीसी ग्राउंड में ड्रेसाज में मेजर यशदीप अहलावत अपने घोड़े फरेरो के साथ मात्र 35.5 पेनल्टी के साथ कुल 206.50 का स्कोर किया। जज सी में उन्होंने 106 अंक प्राप्त किए, जबकि जज ई में उन्होंने 100.50 का स्कोर किया। दूसरे स्थान पर हेडक्वार्टर वेस्ट कमांड के मेजर पीयूष देशमुख रहे। उन्होंने अपने घोड़े इंदिरा के साथ कुल 35.5 पेनल्टी करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 104.50 और 102 का स्कोर किया। तीसरे नंबर पर आरवीसी सेंटर एंड स्कूल के मेजर अंकुश कुमार रहे। उन्होंने अपने घोड़े अमेजिंग के साथ 35.6 की पेनल्टी के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 106 और 100 का स्कोर करते हुए कुल 206 अंक जुटाए। चौथे स्थान पर ध्रुव इक्वेस्ट्रियन नोड के मेजर संदीप रहे। उन्होंने अपने घोड़े अग्नि के साथ 40.3 की पेनल्टी की। उन्होंने 60.31 और 59.2 का स्कोर किया। पांचवां स्थान पीबीजी के दफेदार पवन कुमार को मिला। उन्होंने अपने घोड़े अश्विन के साथ कुल 40.5 की पेनल्टी की और 96.50 व 94 का स्कोर किया। पहले दिन कुल 24 घुड़सवारों ने प्रतिभाग किया। रविवार को प्री नोवीस वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




